अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीज की खून चढ़ाने के दौरान मौत हो गई। परिजन ने मेडिकल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
जनपद जालौन के ग्राम डकोर निवासी अखिलेश कुमार (30) अपने दोस्तों के साथ 11 जनवरी को पार्टी मनाने मोहना बेतवा नदी के पास गए थे। मृतक के बड़े भाई मनोज कुमार ने बताया कि पार्टी मनाने के बाद सभी कार से लौट रहे थे। रास्ते में कार दुर्घटना का शिकार हो गई थी।हादसे में अखिलेश के कूल्हे में फ्रैक्चर हो गया था।
उसे उरई से झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां उसका इलाज जारी था। दो-तीन दिन में उसका ऑपरेशन होना था। भाई ने बताया कि अखिलेश मेडिकल कॉलेज के वार्ड नौ में भर्ती था। 23 जनवरी को डॉक्टर ने बताया कि उसे खून की कमी है। दो यूनिट खून चढ़ाना पड़ेगा। इस पर प्राइवेट ब्लड बैंक से एक यूनिट खून लेकर आए थे। शाम सात बजे खून चढ़ाना शुरू किया गया और सुबह चार बजे तक आधा यूनिट ही चढ़ पाया था।
इसके बाद अगले दिन दाेपहर दो बजे से शाम सात बजे तक फिर से खून चढ़ाया गया, फिर भी पूरा नहीं चढ़ पाया। भाई को पेट में दर्द और उल्टी होने लगी। इस बीच उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई और रात करीब एक बजे अखिलेश की मौत हो गई। परिजन ने डॉक्टरों की लापरवाही से मौत का आरोप लगाया।
वहीं, इस मामले में मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. सचिन माहुर ने कहा कि खून में खराबी होती तो पहले दिन ही दिक्कत होनी चाहिए थी। हालांकि, शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।