पत्र लेखन प्रतियोगिता में लें हिस्सा, जीतें 50 हजार
झांसी। डाक विभाग की तरफ से पत्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन कराया जा रहा है। इसके लिए 18 या उससे अधिक उम्र के युवाओं से आवेदन मांगे गए हैं। 30 नवंबर तक प्रतिभागी अपने-अपने पत्रों को जमा कर सकते हैं। विजेता को 50 हजार रुपये से पुरस्कृत किया जाएगा।
राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली लेखन प्रतियोगिता में प्रतिभागी हिंदी या अंग्रेजी में लिखकर भेज सकते हैं। हिंदी स्तर के प्रतिभागियों को शीर्षक ‘प्रिय बापू अमर रहें’ व अंग्रेजी स्तर के प्रतिभागी ‘Dear bapu you are immortalं’ पर अपने विचार लिखेंगे। प्रत्येक प्रतिभागी को ए-4 साइज के कागज पर अधिकतम एक हजार शब्दों में अपना पत्र पूर्ण करना है। यदि प्रतियोगी अंतर देशीय पत्र कार्ड पर पत्र लिखना चाहता है तो उस पर अधिकतम 500 शब्दों में पत्र पूरा करना होगा।
प्रत्येक वर्ग में श्रेष्ठ तीन प्रतिभागियों को सर्किल स्तर पर चयन किए जाएंगे। चुने गए तीन प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा, जिसमें पहला स्थान पाने वाले को 25 हजार, दूसरा स्थान पाने वाले को 10 हजार व तीसरा स्थान पाने वाले को पांच हजार रुपये दिए जाएंगे। साथ ही तीनों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग करने का मौका मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान पाने वाले को 50 हजार, दूसरा स्थान पाने वाले को 25 हजार और तीसरा स्थान पाने वाले को 10 हजार रुपये से पुरस्कृत किया जाएगा।
यहां डाले पत्र
प्रधान डाकघर के जनसंपर्क निरीक्षक अनूप व्यास ने बताया कि लिफाफा और अंतर देशीय पत्र प्रधान डाक घर से प्रतिभागी प्राप्त कर सकते हैं। पत्र लेखन के बाद उन्हें प्रधान डाकघर में बने पब्लिक हाल में मुख्य द्वार पर लगे पीले रंग के लेटर बॉक्स में डालना होंगे। जबकि, ग्रामीण इलाके के प्रतिभागी नजदीकी डाकघर में अपने पत्र जमा कर सकते हैं। पत्र चीफ पोस्ट मास्टर जनरल, उत्तर प्रदेश परिमंडल लखनऊ 226001 के नाम संबोधित करना होगा। साथ ही स्वयं का लिखा प्रमाण पत्र देना होगा, जिसमें सत्यापित करना होगा कि वह 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र का है। साथ ही एक प्रमाणपत्र दस्तावेज संलग्न करना होगा।
यहां करें संपर्क
प्रतिभागी अधिक जानकारी के लिए प्रधान डाकघर के जनसंपर्क निरीक्षक से संपर्क कर सकते हैं या फिर उनके मोबाइल नंबर 9415192691 पर प्राप्त कर सकते हैं। सर्किल स्तर पर प्रथम दस प्रतिभागियों को फिलटेली प्रदर्शनी में शामिल किया जाएगा।