झांसी। पंचायत चुनाव के दौरान सीमावर्ती राज्य मध्यप्रदेश की सीमाओं पर कड़ी चौकसी के लिए बनाई रणनीति पर बुधवार मंडलायुक्त कार्यालय में मंथन होगा, जिसमें मंडल के डीएम व एसएसपी के अलावा समीपवर्ती राज्य के जिलों के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भाग लेंगे।
मंडल के झांसी, ललितपुर व जालौन जिले की सीमाएं मध्यप्रदेश के कई जिलों (दतिया, टीकमगढ़, भिंड, छतरपुर, पन्ना, सागर आदि) से सटी हुई हैं, जिनके रास्ते से चुनाव के दौरान अवैध तरीके से शराब, असलाह के आने की आशंका बनी हुई है। यही नहीं, अपराधियों के द्वारा चुनाव को प्रभावित किए जाने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता हैं। चूंकि राज्य चुनाव आयोग के हर सूरत में चुनाव शांतिपूर्वक निर्विध्न कराए जाने के आदेश है, जिसके चलते रणनीति बनाई गई है कि सीमावर्ती राज्य के सटे जिलों के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को सहयोग लिया जाए।
सीमा पर कड़ी चौकसी होने की वजह से नापाक मंसूबे पालने वाले अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सकेंगे। इस संबंध में शासन ने उच्चाधिकारियों को आदेश भेजकर कहा भी है कि पड़ोसी राज्य के जिलों के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ चुनाव को लेकर बैठक की जाए, जिसमें लिए गए फैसलों से उच्चाधिकारियों व राज्य निर्वाचन आयोग को अवगत कराया जाए। इसके चलते सोमवार को डीआईजी अजय मोहन शर्मा और मंडलायुक्त के. राममोहन राव ने संयुक्त रूप से बुधवार को पड़ोसी राज्य के जिलों के अधिकारियों की बैठक बुलाने का फैसला लिया है। इस बाबत उनके अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।