झांसी। सेना की अग्निपथ योजना के विरोध में जगह-जगह हो रहे विरोध प्रदर्शनों के चलते रविवार को तीन ट्रेनों का संचालन निरस्त रहा। इस दौरान आरपीएफ रेलवे सर्कुलेटिंग एरिया में चप्पे-चप्पे की टोह लेने में जुटी रही। फ्लैग मार्च भी किया।
सेना की अग्निपथ योजना के विरोध में देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शनकारी ट्रेनों को निशाना बना रहे हैं। इससे ट्रेनों के संचालन की स्थिति भी खासी प्रभावित हुई है। रविवार को वाराणसी-अहमदाबाद साबरमती एक्सप्रेस, समता एक्सप्रेस व बरौनी ग्वालियर मेल नहीं चलाई गईं। इससे यात्रियों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। उन्हें गंतव्य तक पहुंचने के लिए दूसरी ट्रेनों व सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ा। इसके अलावा मद्रास-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस, लोकमान्य तिलक-गोरखपुर एक्सप्रेस, दरभंगा-अहमदाबाद साबरमती एक्सप्रेस, एपी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से देरी से चलीं।
वहीं, मंडल सुरक्षा आयुक्त आलोक कुमार व सहायक सुरक्षा आयुक्त शरीफ मोहम्मद के नेतृत्व में आरपीएफ टीम ने सर्कुलेटिंग एरिया में फ्लैग मार्च किया। इसके अलावा अलग-अलग टीमें भी गश्त में जुटी रहीं। रेल प्रशासन की ओर से बताया गया है कि आंदोलन के चलते सोमवार को 11123 ग्वालियर से झांसी होकर बरौनी की ओर जाने वाली गाड़ी का संचालन निरस्त रहेगा।