झांसी। माध्यमिक विद्यालयों में इन दिनों कोरोना वायरस के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई ऑनलाइन कराई जा रही है। अब पठन-पाठन की मॉनीटरिंग के लिए 10 से 12 विद्यालयों पर एक-एक नोडल अधिकारी तैनात होगा। जो ऑनलाइन पढ़ाई की जांच कर प्रत्येक सप्ताह जिला विद्यालय निरीक्षक को अपनी रिपोर्ट देंगे। शिक्षा भवन में मॉनीटरिंग के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित होगा।
कोरोना वायरस से बचाव के कारण स्कूल-कालेज विद्यार्थियों के लिए बंद हैं। विद्यार्थियों की पढ़ाई ऑनलाइन कराई जा रही है। शासन द्वारा संबंध में समय-समय पर कई कदम उठाए गए हैं। वर्चुअल स्कूल एवं ई ज्ञान गंगा की व्यवस्था की गई है। स्वयं प्रभा चैनल तथा उत्तर प्रदेश दूरदर्शन पर विभिन्न विषयों के शैक्षिक वीडियो प्रसारित हो रहे हैं। वहीं, जिन विद्यार्थियों के पास टेलीविजन व आनलाइन शिक्षा की व्यवस्था नहीं है। उन्हें दूरस्थ शिक्षा से संबंधित पाठ्य पुस्तक सामग्री उपलब्ध कराई जाएंगी। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जो विद्यार्थी व्हाट्सएप के माध्यम से उत्तर नहीं प्रेषित कर सकते हैं। उनके लिए विद्यालयों में कक्षावार ड्रॉप बॉक्स की व्यवस्था होगी।