कोरोना के जंग को मास्क लगाए युवतियां।
झांसी। दिल्ली, मुंबई, नोएडा समेत देश के बड़े शहरों से झांसी व ललितपुर के गांवों में वापस लौटे डेढ़ हजार लोगों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। हालांकि, इनमें कोरोना वायरस से संक्रमित होने के कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर ये कदम उठाया गया है।
महाराष्ट्र समेत देश में कोरोना संक्रमित मरीज लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में वहां मजदूरी कर रहे बुंदेलखंड के लोगों का अपने गांवों की ओर लौटना शुरू हो गया है। मुंबई, दिल्ली, नोएडा से आने वाली ट्रेनों में से झांसी, ललितपुर, जालौन, बांदा, महोबा आदि जिले के गांवों के लोग लौटकर आ रहे हैं। इनमें खासतौर पर युवा हैं। हालांकि, इन सभी की रेलवे स्टेशन पर थर्मल स्क्रीनिंग की गई है, जिसमें सभी स्वस्थ पाए गए हैं, लेकिन आने वाले दिनों में ये कोरोना बीमारी की चुनौती खड़ी न कर दें, इस दृष्टि से झांसी व ललितपुर के डेढ़ हजार लोगों को एक सप्ताह के लिए होम आइसोलेशन में रखा गया है। यानी कि इस अवधि में वे घर में ही रहेंगे और किसी से मेलमिलाप नहीं करेंगे। कोरोना संक्रमण के नियंत्रण की दृष्टि से एहतियातन ये कदम उठाया गया है।
रेलवे स्टेशन पर थर्मल स्क्रीनिंग की जा रही है, जिसमें अब तक कोई संदिग्ध मरीज सामने नहीं आया है। केवल एहतियात के लिए ये कदम उठाया गया है। ताकि, आगे किसी तरह का खतरा पैदा न हो।
सुभाष चंद्र शर्मा, मंडलायुक्त