सीपरी बाजार कारगिल पार्क में आयोजित श्रीराम चरित मानस सम्मेलन में प्रवचन सुनते श्रद्धालु।&
झांसी। मानस समाज श्री सत्य नारायण सत्संग समिति कारगिल पार्क सीपरी की ओर से आयोजित श्रीरामचरितमानस सम्मेलन में चित्रकूट के श्री राम स्वरूपाचार्य महाराज ने प्रवचन में भगवान शिव की महिमा का वर्णन किया। उन्होंने राष्ट्र के युवाओं को वजन घटाओ-भजन बढ़ाओ का संदेश दिया।
बांदा के पं. वीरेंद्र स्वरूप द्विवेदी ने सत्संग की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि मनुष्य का मन, वाणी एवं शरीर की पवित्रता सत्संग के माध्यम से सरलता पूर्वक हो जाती है। उन्होंने कहा कि श्रीराम कथा शुद्ध एवं पवित्र मन से सुनना चाहिए। परमात्मा की कृपा एवं अलौकिक आनंद की अनुभूति होने लगती है।
समाज में सदभावना फैलाता है सज्जन व्यक्ति
मिर्जापुर के धर्म ध्वजाचार्य ने कहा कि भगवान कृपा के सागर हैं। जालौन के पं. दिलीप दीक्षित ने कहा कि व्यक्ति का जैसा आहार-विचार होता है, उसका जीवन वैसा ही बन जाता है। उन्होंने कहा कि सज्जन व्यक्ति समाज में प्रेम, सहयोग, भाईचारा एवं सदभावना फैलाता है। हर व्यक्ति को जीवन में सदमार्ग का अनुसरण करना चाहिए। इस अवसर पर उप्र गोसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, महामंडलेश्वर लल्लन महाराज, विजयानंद तिवारी, कुंज बिहारी गुप्ता, गोपाल कृष्ण बंसल, डाॅ. एसएन उपाध्याय, बाला प्रसाद द्विवेदी, सुशील तिवारी आदि मौजूद रहे। संचालन अध्यक्ष चंद्रिका प्रसाद त्रिपाठी ने एवं आभार महामंत्री देवी शंकर मिश्रा ने व्यक्त किया।