अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की जयंती पर 19 नवंबर को झांसी फिर से दीपावली मनाएगा। घर-घर दीप जलेंगे और पूरा शहर जगमगाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को अमर उजाला संवाद का आयोजन किया गया, जिसमें शामिल हुए बुद्धिजीवियों ने कहा कि रानी की जयंती झांसी के लिए किसी त्योहार से कम नहीं है। इस दिन को यादगार बनाया जाएगा।
अमर उजाला कार्यालय में आयोजित संवाद में पूर्व पार्षद सरदार वीर सिंह ने कहा कि झांसी के गौरवशाली इतिहास की महत्वपूर्ण तारीखों में से एक 19 नवंबर है। इस दिन रानी लक्ष्मीबाई की जयंती भव्यता से मनाई जाएगी। भाजपा के जिला मंत्री विनीत खटीक ने कहा कि रानी की जयंती का भव्य आयोजन झांसी की पहचान को और मजबूत करेगा। समाज के सभी वर्गों के लोगों की इसमें सहभागिता सुनिश्चित होगी।
भाजपा नेता रोहित गोठनकर ने कहा कि रानी की जयंती पर उनकी याद में घर-घर दीप जलाए जाएंगे और दरवाजे रंगोली से सजाए जाएंगे। अधिवक्ता समीर तिवारी ने कहा कि रानी की जयंती पर झांसी में एक बार फिर से दीपावली मनाई जाएगी। उन्होंने लोगों से घरों में लगी दिवाली की झालरों को रानी की जयंती तक लगाए रहने की अपील की।
शहर के साथ गांव में होंगे आयोजन
किसान नेता अविनाश भार्गव ने कहा कि शहर के साथ-साथ गांव-गांव में रानी की याद में आयोजन किए जाएंगे। इन आयोजनों में नई पीढ़ी को प्रमुखता से शामिल किया जाएगा। समाजसेवी डॉ. मनमोहन मनु ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई पूरी दुनिया में नारी अस्मिता की प्रतीक हैं। झांसी में उनकी जयंती पर होने वाले आयोजन की गूंज दुनिया में सुनाई देनी चाहिए। इसके लिए झांसी के जन-जन को आगे आना होगा। बढ़-चढ़कर सभी को सहभागिता करनी होगी।
ऑल इंडिया पयाम ए इन्सानियत फोरम के इलियास अली और मजहर खान ने कहा कि रानी के गौरवशाली इतिहास में झांसी की गंगा-जमुनी तहजीब झलकती है। उनकी जयंती पर झांसी के हर घर में उन्हें याद किया जाना चाहिए। लोग अपने-अपने ढंग से उनकी जयंती मनाएंगे। समाजसेवी अंकुर शर्मा (राजे) ने कहा कि 19 नवंबर को झांसी में एक बार फिर दिवाली जैसा उल्लास नजर आएगा। इस दौरान तरुण राय और अतुल भार्गव ने भी रानी लक्ष्मीबाई की जयंती को धूमधाम से मनाने का संकल्प दोहराया।