झांसी/मोंठ। मोंठ के रावतियाना शाहपुर बस स्टैंड के पास अवैध संबंध के शक में अधेड़ की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद हत्यारा कुल्हाड़ी संग फरार हो गया। एसएसपी शिवहरी मीना, एसपी (आरए) नैपाल सिंह, सीओ स्नेहा तिवारी भी घटना स्थल पर पहुंच गए। देर-शाम को हत्यारोपी मोंठ बाईपास से गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक शाहपुरा निवासी संतोष आदिवासी पुत्र टुंडे (40) को अपनी पत्नी का पड़ोस मेें रहने वाले सुम्मा पुत्र मुलई आदिवासी (45) से अवैध संबंध होने का शक था। करीब चार-पांच दिन पहले भी संतोष और सुम्मा में इसी बात पर विवाद हुआ था। संतोष की पत्नी मायके गई है। रविवार रात संतोष ने जमकर शराब पी। उसी समय उसे सुम्मा घर के बाहर सोया दिखा। शराब के नशे में संतोष कुल्हाड़ी लेकर उसके पास पहुंचा और सुम्मा के गले पर उससे कई वार कर दिए। कुल्हाड़ी लगने से सुम्मा की गर्दन एक ओर झूल गई। हत्यारा खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर वहां से फरार हो गया। भोर में सुम्मा का खून से लथपथ शव देखकर इलाके में सनसनी फैल गई। एसएसपी शिवहरी मीना भी मौके पर पहुंच गए। घटना स्थल के आसपास का उन्होंने जायजा लिया। परिजनों से पूछताछ के बाद एसएसपी ने हत्यारे की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दी। देर-शाम हत्यारोपी संतोष के मोंठ बाईपास के पास होने की सूचना पर पुलिस ने उसे वहां से गिरफ्तार कर लिया।
हत्या के बाद घर ले जाकर धुली कुल्हाड़ी
हत्या के बाद आरोपी संतोष अपने घर गया। वहां पर उसने खून से सनी कुल्हाड़ी को पहले धुला और घर के भीतर ले जाकर छिपा दिया हालांकि इसी दौरान घर जाने के रास्ते में कुल्हाड़ी से टपके खून के निशान बनते गए। इसी खून के निशाने के सहारे पुलिस उसके घर तक पहुंची। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घर के अंदर से आला कत्ल भी बरामद कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अवैध संबंधों का शक था। इस वजह से उसने हत्या की। आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है।
शिवहरी मीना
एसएसपी