मुख्य निर्वाचन अधिकारी टी वैंकटेश ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से निर्देश दिए कि मतदाता सूची से किसी का नाम नहीं काटा जाए। मतदाता को वोटर स्लिप का वितरण किया जाए, लेकिन यह वितरण मतदान वाले दिन कतई न हो। ई-समाधान में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण जल्द से जल्द किया जाए, ताकि आयोग कार्रवाई से संतुष्ट हो।
उन्होंने कहा कि 27 और 28 जनवरी को निर्वाचन आयोग के अधिकारी भ्रमण कर सकते हैं। सभी जिला निर्वाचन अधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अपनी तैयारी कर लें। उन्होंने नामांकन के समय मुख्यद्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि जहां रिटर्निंग अधिकारी बैठें, वहां पर भी सीसीटीवी कैमरा लगाया जाए। यदि फार्म-6 आ रहे हों, तो उन्हें तत्काल अपलोड किया जाए। उन्होंने वेबकास्टिंग के लिए मतदान केंद्रों के बूथों का चयन शीघ्र करने के निर्देश दिए। अब तक समाधान ऐप में 2003 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जो कम हैं। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति मतदान को प्रभावित कर सकते हैं, उनकी सूची तैयार कर उनके खिलाफ कार्रवाई करें।
इस मौके पर जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार शुक्ला, एसएसपी अखिलेश कुमार चौरसिया, एडीएम विजय बहादुर सिंह, तकनीकी निदेशक एनआईसी दीपक सक्सेना उपस्थित रहे।