झांसी। जिले में कोरोना वायरस से फिर एक वृद्धा की मौत हो गई है। जबकि, डॉक्टर, एसएसपी ऑफिस में तैनात पुलिस कर्मचारी, बीआईईटी छात्र समेत 103 संक्रमित मिले हैं। वहीं, 145 रोगी कोरोना मुक्त होने से सक्रिय मरीजों की संख्या घटकर 1696 पहुंच गई है।
झांसी में सोमवार को 3079 सैंपलों की जांच की गई। आरटीपीसीआर मशीन से 1771, ट्रू नेट से आठ और एंटीजन किट से 1300 नमूनों की जांच हुई। मयूर विहार कॉलोनी, गनेश रेजिडेंसी, तालपुरा, टीआरडी कॉलोनी बबीना, खैलार, चित्रा चौराहा, आईटीआई के पास, नालंदा ओम गार्डन, मिशन कंपाउंड, उनाव गेट, रक्सा, मसीहागंज, पिछोर, रेलवे कॉलोनी, मोंठ समेत विभिन्न इलाकों से 103 संक्रमित सामने आए हैं। टोड़ी फतेहपुर की 65 वर्षीय वृद्धा की मौत हो गई है। उन्हें तीन फरवरी को अस्पताल में भर्ती किया गया था। वह हाइपरटेंशन का शिकार थी। रविवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौजूदा समय में मेडिकल कॉलेज में 40, मिलिट्री अस्पताल में 107, जिला जेल में 16 और होम आइसोलेशन में 1157 रोगी हैं। रिकवरी रेट बढ़कर 94.72 फीसदी हो गया है।