विद्युत मीटर परीक्षण शाला में उपभोक्ता की जगह किसी और की मौजूदगी में मीटर की जांचकर ओके रिपोर्ट लगा दी गई। इस मामले के संज्ञान में आने के बाद अधीक्षण अभियंता ने सहायक अभियंता मीटर से साक्ष्यों समेत तीन दिन में रिपोर्ट मांगी है।
विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता (नगर) राकेश कुमार गुप्ता के अनुसार विगत 29 सितंबर को शिवाजी नगर में एक उपभोक्ता के घर लगा मीटर बदला गया था। इस मीटर की जांच परीक्षणशाला में चार सितंबर को होनी थी, लेकिन पांच सितंबर को की गई। जांच के समय उपभोक्ता की जगह कोई दलाल मौजूद था, जिसकी मिलीभगत से प्रमाणपत्र में ओके रिपोर्ट अंकित करा दी गई। बाद में पता चला कि मीटर में छेद था, जिसके कारण मीटर में छेड़छाड़ से इंकार नहीं किया जा सकता है। इससे विभाग को सीधे राजस्व की हानि हुई है। उन्होंने तीन दिन के अंदर सहायक अभियंता (मीटर) से साक्ष्यों समेत रिपोर्ट मांगी है।