मऊरानीपुर में आयकर सर्वे के दौरान दो में से एक नदारत मिले नर्सिंग होम संचालक ने मेडिकल बिलों के आधार पर पचास लाख की अघोषित आय स्वीकार कर ली है। नर्सिंग होम संचालकों को अघोषित आय पर मार्च तक टैक्स जमा करना होगा।
विगत बीस अगस्त को आयकर टीम ने मऊरानीपुर के नारायण टाकीज के निकट स्थित मुन्नीलाल मिश्रा मेमोरियल हास्पिटल व राधा हास्पिटल का एक साथ सर्वे किए थे। इस दौरान राधा हास्पिटल के संचालक ने जांच उपरांत 25 लाख की अघोषित आय स्वीकार कर ली, जबकि दूसरे नर्सिंग होम में बुलाने के बाद भी चिकित्सक नहीं आया था। बाद में नर्सिंग होम के कंप्यूटर आदि रिकार्ड जब्त कर टीम वापस लौट आई थी। नर्सिंग होम में मेडिकल स्टोर का भी संचालन हो रहा था। बीते रोज मुन्नीलाल मिश्रा मेमोरियल हास्पिटल के संचालक आयकर कार्यालय में उपस्थित हुआ। इस दौरान मेडिकल बिलों के आधार पर संचालक ने पचास लाख की अघोषित आय स्वीकार कर ली। नर्सिंग होम संचालक को मार्च तक 15.45 लाख टैक्स जमा करना होगा। वर्तमान में उक्त संचालक चौदह लाख का वार्षिक रिटर्न दिखा रहा है।
मऊरानीपुर में आज लगेगा तीन दिवसीय आयकर शिविर
झांसी। आयकर विभाग मऊरानीपुर क्षेत्र के बाजार में स्थित गोकुल गेस्ट हाउस में मंगलवार से तीन दिवसीय शिविर लगाएगा। इस शिविर में नए कर दाता बनाने, रिटर्न भरने के अलावा आयकर संबंधी समस्याओं का निवारण एवं लोगों की जिज्ञासाओं को दूर करने का काम होगा। यह जानकारी मऊरानीपुर वार्ड के आयकर अधिकारी राजेंद्र निगम ने दी है।