अब निशाने पर अवैध बालू के ढेर
- फोटो : demo
झांसी। अवैध खनन पर अंकुश के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अब डंप बालू की जांच की जाएगी। इसके लिए अपर जिलाधिकारी ने खनिज विभाग को निर्देश दिए हैं।
जिले में बालू खनन का एक भी पट्टा नहीं है। बावजूद, नदियों का सीना चीरकर धड़ल्ले से बालू निकाली जा रही है। अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए पिछले एक सप्ताह से प्रशासन, पुलिस और खनिज विभाग द्वारा संयुक्त अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अब तक विभिन्न थाना क्षेत्रों में बालू से लदे दो दर्जन ट्रक पकड़े जा चुके हैं। अब प्रशासन की दृष्टि डंप बालू के ढेरों पर है। इसकी जांच के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विजय बहादुर सिंह ने खनिज विभाग को निर्देश दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि भवन निर्माण सामग्री विक्रेताओं ने शहर में कई स्थानों पर बालू डंप कर रखी है। उनके पास यह बालू चोरी छुपे ट्रकों के माध्यम से पहुंचती है, जिसकी वह ट्रैक्टरों के जरिये सप्लाई करते हैं। यह खेल केवल शहर में ही नहीं, बल्कि बालू घाटों के आसपास के गांवों में भी खनिज माफियाओं ने भारी मात्रा में बालू जमा कर रखी है, जिसकी प्रशासन की नजरों से बचकर सप्लाई की जाती है।