झांसी। मदरसा शिक्षा परिषद द्वारा संचालित मान्यता प्राप्त मदरसों में आधुनिक विषयों को पढ़ने के लिए राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) की पाठ्य पुस्तकों को डेढ़ साल पहले अनिवार्य कर दिया गया था। लेकिन, मदरसों को एनसीईआरटी की पुस्तकें उपलब्ध नहीं कराई गई थीं। ये कमी अब दूर हो गई है। शासन की ओर से जिले में संचालित सभी मदरसों को पाठ्य पुस्तकों की आपूर्ति कर दी गई है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अमित प्रताप सिंह ने बताया कि शासनादेश के अनुसार आलिया स्तर के सभी मदरसों में एनसीईआरटी पाठ्यक्रम को लागू कर दिया गया है। सभी मदरसों को किताबें उपलब्ध कराई जा रही हैं। अब मदरसों में नये पाठ्यक्रम से पढ़ाई होगी। अब पूरे प्रदेश के मदरसों में एक जैसा पाठ्यक्रम होगा। जो मदरसे के छात्रों के लिए काफी लाभकारी साबित होगा।