झांसी। लॉकडाउन खुलते ही जिले में सड़क हादसों ने रफ्तार पकड़ ली है। 25 दिन में 22 लोगाें की मौतें होने के साथ ही 36 लोग घायल हुए। अधिकांश सड़क हादसे हाईवे पर ही हुए। लॉकडाउन के दौरान सड़क हादसों में पूरी तरह कमी आई थी, लेकिन इसके खुलते ही हादसों में इजाफा हुआ है।
जिले में सड़क हादसों में प्रतिदिन लोग मौत का शिकार होते हैं। 24 मार्च से लॉकडाउन लगने के बाद सड़क हादसे पूरी तरह रुक गए थे। एक जून से अनलॉक होने के बाद सड़क हादसों की संख्या ने फिर तेजी पकड़ी। एक जून से 25 जून के बीच सड़क हादसों में 22 लोगों की मौतें हो गईं। जबकि, 36 से अधिक लोग घायल हुए हैं। अधिकांश सड़क हादसे झांसी-कानपुर व झांसी-मऊरानीपुर मार्ग पर हुए। इनमें बाइक सवार सबसे ज्यादा शिकार बने। सड़क हादसों का शिकार होने वाले अधिकांश लोगों ने नियमों का पालन भी नहीं किया गया। जिसके चलते वह घटनाओं का शिकार हुए। पिछले सप्ताह कानपुर मार्ग पर निवाड़ी निवासी तीन युवकों को भी ट्रक ने टक्कर मार दी थी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने के साथ ही बाइक सवार युवक हेलमेट नहीं पहन रहे हैं। इससे वह हादसे का शिकार भी भी रहे हैं।