झांसी। नगर निगम द्वारा पहले तय स्थान पर अब लंबर प्लांट नहीं लगाया जाएगा। तमाम समस्याओं के कारण नगर निगम ने पूर्व में तय जमीन से कुछ दूरी पर स्थित दूसरे प्लाट को प्लांट के लिए फाइनल कर दिया है। यह जमीन पुराने प्लांट से चार गुना अधिक है।
प्लास्टिक कचरे को रीसाइकिल कर उसे उपयोग में लेने के लिए लगाये जा रहे प्लांट के लिए पहले बिजौली में रिलाइंस पेट्रोल पंप के पास 1.20 एकड़ जमीन चिह्नित की गई थी। यहां ट्रकों के आने-जाने में समस्या आ रही थी, साथ ही भविष्य में होने वाले प्लांट के विस्तार के लिए जगह नाकाफी थी।
नगर आयुक्त ने माना कि भविष्य में प्लांट का विस्तार होने पर यहां जगह कम पड़ेगी और दूसरी जगह प्लांट को स्थानांतरित करना पड़ेगा। इस स्थिति से बचने के लिए वहां मौजूद नगर निगम की अन्य संपत्तियों का निरीक्षण किया गया। ब्लू वेल्स स्कूल के पास नगर निगम की पांच एकड़ जमीन मिली तथा उसके पास ढाई एकड़ जमीन मिली। प्लांट के लिए पांच एकड़ जमीन को फाइनल कर दिया गया। नगर आयुक्त ने जेई से मौके पर नक्शा तैयार कर स्टीमेट बनाने तथा टेंडर निकालने के निर्देश दिए।
जमीन के कुछ हिस्से को लेकर हो सकता है विवाद
प्लांट के लिए चिह्नित की गई जमीन के कुछ हिस्से को लेकर विवाद की स्थिति बन सकती है। जमीन के एक हिस्से को लेकर नगर निगम का एक व्यक्ति से मंडलायुक्त न्यायालय में वाद चल रहा था। तत्कालीन मंडलायुक्त सत्यजीत ठाकुर ने जमीन का फैसला नगर निगम के हक में दिया था, जिसके बाद से नगर निगम का कब्जा इस जमीन पर है। क्षेत्रीय लोगों की मानें तो विपक्षी ने हाईकोर्ट में जमीन के मामले की अपील कर दी है।