झांसी। हाल ही में झांसी रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर वीरांगना लक्ष्मीबाई कर दिया गया है। स्टेशन के नाम से झांसी शब्द हटने का लगातार विरोध किया जा रहा है। इसी बीच अब रेलवे के टिकटों पर झांसी का शॉर्ट फॉर्म जेएचएस की जगह वीरांगना लक्ष्मीबाई का वीजीएल लिखा आने लगा है।
प्रदेश सरकार द्वारा 28 दिसंबर 2021 को जारी की गई अधिसूचना के आधार पर झांसी रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर वीरांगना लक्ष्मीबाई कर दिया गया है। स्टेशन के नाम से झांसी हटने का लगातार विरोध किया जा रहा है। इस मुद्दे पर सभी दल और संगठन एक मत नजर आ रहे हैं। जनप्रतिनिधियों की ओर से जल्द स्टेशन के नाम में झांसी जुड़वाए जाने का भरोसा दिए जाने से फिलहाल मामला शांत है। इसी बीच रेल प्रशासन ने नियमानुसार कार्यवाही करते हुए रेल टिकटों से झांसी हटा दिया है। पहले टिकटों पर शॉर्ट फॉर्म में झांसी का जेएचएस लिखा आता था, लेकिन अब इसकी जगह वीजीएल लिखा आने लगा है। रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि स्टेशन का नाम बदले जाने के बाद ये कार्यवाही की जानी जरूरी थी।