झांसी। महानगर के मसीहागंज क्षेत्र में सालों से लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रही मैला की टौरिया का कलंक नगर निगम मिटाएगा। यहां से हानिकारक गैस का उत्सर्जन रोकने के लिए मैला की टौरिया में जैविक उपचार कर कूड़े को निस्तारित करने के साथ समतल किया जाएगा। इसके लिए 15वें वित्त आयोग के तहत 70 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके बाद क्षेत्र के लोगों खासी राहत मिलेगी।
महानगर के मसीहागंज क्षेत्र स्थित मैला की टोरिया में करीब 10 साल पहले नगर निगम का डंपिंग ग्राउंड था। धीरे-धीरे महानगर की आबादी और रिहायशी इलाका बढ़ा, तो यहां पर पिछले साल नगर निगम ने कूड़ा डंप करना बंद कर दिया, लेकिन कूड़े का निस्तारण नहीं किया गया। इसके चलते आए दिन यहां से बदबू उठती है। कूड़े में आग लगाने से रासायनिक गैस निकलने से लोगों को बीमारियों का शिकार होना पड़ रहा था।
कुछ महीने नगर आयुक्त अवनीश राय ने मैला की टौरिया क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान डंपिंग ग्राउंड को बंद करने के निर्देश दिए थे। इसे लेकर नगर निगम ने तैयारंी शुरू कर दी है। 15वें वित्त आयोग के तहत करीब 70 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। जिससे यहां जमा कूड़े का तकनीकी रूप से निस्तारण करने के साथ मिट्टी डालकर समतल किया कराया जाएगा। इसके बाद मसीहागंज क्षेत्र की करीब 20 हजार से अधिक आबादी को राहत मिलेगी। इसके बाद नगर निगम इसे पार्क का रूप देने की तैयारी में है।
--------
लोगों को हो रही थी सांस की बीमारी
क्षेत्र की 30 हजार से अधिक आबादी वर्षों से जहरीली गैस का दंश झेल रही थी। कई लोगों को यहां से गैस निकलने के चलते सांस की बीमारी हो चुकी है। साथ ही, बारिश का पानी भर जाने से कचरा कीचड़ में तब्दील हो चुका है। इससे सड़ांध आती है।
दो लाख मीट्रिक टन कूड़ा जमा है
मैला की टोरिया में बने डंपिंग ग्राउंड में करीब दो लाख मीट्रिक टन कूड़ा जमा है। यहां पर 25 फीट गहरी खाई कूड़े से पट गई है। इसे लेकर नगर निगम ने पहले भी कूड़े के निस्तारण का प्लान बनाया है, लेकिन हर बार योजना फेल हो गई है।
----------
भूगर्भ जल को लेकर भी रखा जाएगा ध्यान
मैला की टौरिया में कूड़े के जैविक उपचार को लेकर योजना तैयार की गई है। साइंटिफिक क्लोजर के जरिए यहां जमा कचरे का निस्तारण किया जाएगा। बारिश का पानी भूगर्भ जल का दूषित न कर दे, इसके लिए भी इंतजाम किया जाएगा।
मैला की टौरिया की समस्या को दूर करने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। यहां जमा कूड़े का निस्तारण कराने के साथ जगह को समतल कराने की योजना है। 15वें वित्त आयोग की बैठक में इस पर चर्चा होगी। - एलएन सिंह, मुख्य अभियंता, नगर निगम
----------
मैला की टौरिया के समतल और पार्क बनाने के लिए कई बार प्रस्ताव दिया है। कूड़े में आग लगाए जाने के चलते यहां से निकलने वाली गैस से लोगों को दिक्कत होती है। जल्द ही इस समस्या का समाधान हो जाएगा। - महेश गौतम, पार्षद