यूपी बोर्ड परीक्षा में इस बार परीक्षार्थी सोशल डिस्टेंसिंग से बिठाए जाएंगे। इसके चलते जिले में परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी। जिला स्तर से करीब 200 विद्यालयों में अवस्थापना सुविधाओं का सत्यापन करने के बाद डाटा लॉक किया गया है। जल्द ही परीक्षा केंद्रों की अनन्तिम सूची जारी होने की संभावना है।
यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर माध्यमिक शिक्षा परिषद ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अभी तक परिषद परीक्षा कार्यक्रम और परीक्षा केंद्र तय नहीं कर सका है।
जबकि जिला स्तर से परीक्षा केंद्रों के सत्यापन का काम पूरा कर लिया गया है। बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों को बिठाने के लिए नई व्यवस्था लागू की है। जिसके तहत परीक्षार्थियों को सोशल डिस्टेंसिंग से बिठाया जाएगा। एक सीट पर एक ही परीक्षार्थी को बिठाया जाएगा। इसके चलते इस बार परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाने की तैयारी है। पिछले साल परीक्षाओं में 67 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक परीक्षा केंद्रों का सत्यापन का काम पूरा होने के बाद अनन्तिम सूची जारी होने का इंतजार है। जिसके बाद आपत्तियां मांगी जाएंगीं। डीआईओएस कोमल सिंह यादव का कहना है कि परीक्षा केंद्रों का सत्यापन कर लिया गया है। परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ सकती है।