विभागों की वृक्षारोपण के लिए गड्ढा खोदने की प्रगति शून्य
- फोटो : Social Media
झांसी मंडल के एक दर्जन से अधिक विभागों की वृक्षारोपण के लिए गड्ढा खोदने की प्रगति शून्य है। एक सप्ताह में काम पूरा न करने पर कार्रवाई की जाएगी। ये चेतावनी जिलाधिकारी /प्रभारी मंडलायुक्त शिवसहाय अवस्थी ने बुधवार को समीक्षा बैठक के दौरान दी।
प्रभारी मंडलायुक्त ने समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि मंडल का पौधरोपण का लक्ष्य 67,70,306 है। इस शत प्रतिशत हासिल करना है। सभी विभाग रणनीति बनाकर कार्य करें। उन्होंने जिलेवार समीक्षा करते हुए कहा कि जनपद झांसी में गड्ढा खोदने की प्रगति बेहद असंतोषजनक है, इसमें जल्द सुधार लाया जाए।
इस दौरान उद्योग विभाग, लोक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग, बेसिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा विभाग की प्रति शून्य पाई गई, जिस पर डीएम ने नाराजगी जताई। बैठक में वन संरक्षक एके सिंह ने बताया कि वृक्षारोपण के लिए पौध निशुल्क दी जाएगी। विभाग नोडल अधिकारी नामित करें जो नर्सरी से पौध लेंगे।
इस मौके पर सीडीओ निखिल टीकाराम फुंडे, डीएफओ डा. एमके शुक्ला, जेडीसी आरबी भास्कर, सचिव जेडीए त्रिभुवन विश्वकर्मा, एडी स्वास्थ्य डा. सुमन बाबू मिश्रा, डीडी उद्यान भैरम सिंह सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।