शहर क्षेत्र के बाजारों की दशा बेहद खराब है। फुटपाथ अतिक्रमण की चपेट में हैं और सड़कों पर बेतरतीब ढंग से गाड़ियां खड़ी रहती हैं। इससे बड़ा बाजार, मानिक चौक, सुभाष गंज में दिन में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। गाड़ियां जाम में घंटों फंसी रहती हैं। लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। इससे कारोबार भी प्रभावित है। बाजारों की दशा सुधारने के लिए पुलिस और व्यापार मंडल ने संयुक्त रूप से प्लान तैयार किया था, जिसके तहत बाजार की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त किया जाना है। इसके तहत बृहस्पतिवार को थाना कोतवाली पुलिस ने शहर के बाजारों में घूमकर दुकानदारों को दुकानों का माल बाहर न सजाने की हिदायत दी थी। इस पर ज्यादातर दुकानदारों ने अपना माल समेट लिया था। लेकिन, शुक्रवार को दुकानें खुलते ही फिर से माल बाहर सजा दिया गया।
प्लान में ये है शामिल
- अतिक्रमण मुक्त किए जाएंगे बाजार
- दिन में तिपहिया और भारी वाहनों का प्रवेश होगा वर्जित
- आवश्यकतानुसार बाजारों में लागू होगा वनवे ट्रैफिक
- वाहनों की पार्किंग की बनाई जाएगी व्यवस्था
अब होगी कार्रवाई
बाजार व्यापारियों के हैं। बाजार अच्छे होंगे, तो कारोबार भी बढ़ेगा। पुलिस बाजारों की ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करना चाहती है। इसमें व्यापारियों को सहयोग करना होगा। बीते रोज दुकानों के बाहर सजे सामान को अंदर करवाया गया था, लेकिन दुबारा से माल बाहर आ गया। अब अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
- आशीष मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली
व्यापार मंडल करेगा सहयोग
बाजारों की दशा संवारने के लिए व्यापार मंडल पुलिस के साथ हैं। बाजार अच्छे होने का लाभ व्यापारियों और ग्राहकों को मिलेगा। तय सीमा से अधिक दुकान का माल बाहर सजाना ठीक नहीं है। व्यापारियों से अपील की जाएगी कि वह अतिक्रमण हटा लें। अतिक्रमण न हटाने वालों के खिलाफ कार्रवाई में व्यापार मंडल सहयोग करेगा।
- प्रमोद किलपन, महामंत्री, सुभाष गंज व्यापार मंडल