झांसी। नगर निगम में चल रहे पुरानी इमारत के जीर्णोद्धार कार्य के दौरान पुराने मालखाने से आज करीब 100 साल पुरानी भारी-भरकम तिजोरी निकली। तिजोरी निकलने पर वहां तमाशबीनों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर निगम अफसर भी पहुंच गए। तिजोरी को कब्जे में ले लिया गया। उसे माल खाने में सुरक्षित रखवा दिया गया है।
नगर निगम में इन दिनों पुरानी इमारत के जीर्णोद्धार का काम कराया जा रहा है। उसके एक हिस्से का काम करीब पूरा हो चुका जबकि दूसरे हिस्से में काम कराया जा रहा है। मंगलवार को भी महापौर कार्यालय के ठीक सामने स्थित इमारत में काम चल रहा था। नगर महापालिका के दौर में यहीं पर टैक्स विभाग का मालखाना था। काम के दौरान ही यहां भारी-भरकम तिजोरी भी निकल आई। इसे चार मजदूर मिलकर किसी तरह बाहर निकालकर लाए। तिजोरी में लीवर के लॉक लगे थे। बेहद पुरानी होने के बाद भी उसका लॉक जस का तस था। तिजोरी निकलने की बात सुनकर वहां तमाशबीनों की भी भीड़ लग गई। महापौर रामतीर्थ सिंघल को भी इसकी सूचना मिल गई। सूचना मिलते ही उन्होंने अधिकारियों को भेजकर इसे मालखाने में सुरक्षित रखवा दिया है। उनका कहना है कि अधिकारियों की मौजूदगी में इसे खुलवाया जाएगा।