- तैयारियां शुरू, पिछले सालों का डाटा दुरुस्त करने में जुटा कॉलेज प्रशासन
- विश्वविद्यालय के बराबर ‘ए प्लस’ ग्रेड पाने का लक्ष्य किया गया है तय
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड महाविद्यालय द्वारा राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) का मूल्यांकन कराया जाएगा। इसकी तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं। इसके लिए कॉलेज प्रशासन द्वारा पिछले सालों का डाटा दुरुस्त किया जाने लगा है। महाविद्यालय द्वारा विश्वविद्यालय के बराबर ‘ए प्लस’ ग्रेड हासिल करने का लक्ष्य तय किया गया है।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध बुंदेलखंड महाविद्यालय को क्षेत्र का सबसे बड़ा कॉलेज होने का तमगा हासिल है। बावजूद, यह शिक्षण संस्थान नैक मूल्यांकन के मामले में पिछड़ा हुआ है। पहली बार साल 2012 में यहां नैक मूल्याकन कराया गया था। तब कॉलेज को ‘बी’ ग्रेड हासिल हुआ था। इसके बाद साल 2017 में नैक मूल्यांकन कराया जाना था, परंतु महाविद्यालय इसमें पिछड़ गया था। लेकिन, अब नैक मूल्यांकन कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। साल 2013 से लेकर अब तक की वार्षिक गुणवत्ता आश्वासन रिपोर्ट (एक्यूएआर) तैयार की जा रही है। शिक्षण सत्र 2019-20 तक की रिपोर्ट तैयार भी कर ली गई है। इसके अलावा पिछले पांच साल की सेल्फ स्टडी रिपोर्ट भी तैयार की जाने लगी है। महाविद्यालय द्वारा नैक मूल्यांकन में विश्वविद्यालय के समान ‘ए प्लस’ ग्रेड हासिल करने का लक्ष्य तय किया गया है।
0000000
यह है नैक ग्रेडिंग
नैक यूजीसी (विश्वविद्यालय अनुदान आयोग) का ही हिस्सा है। इस संस्था की जिम्मेदारी देश भर के विश्वविद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों और निजी संस्थानों को परखकर ग्रेड देने की होती है। इसके लिए शिक्षण संस्थान अपने स्तर से प्राथमिक तैयारियां पूरी करने के बाद नैक ग्रेडिंग के लिए आवेदन करते हैं। इसके बाद नैक की टीम द्वारा संस्थान का निरीक्षण किया जाता है। निरीक्षण के दौरान संस्थान में शिक्षण सुविधाएं, रिजल्ट, इंफ्रास्ट्रक्चर, माहौल समेत हर जरूरी बात की जानकारी ली जाती है। इसके आधार पर नैक की टीम अपने रिपोर्ट जमा करती है। रिपोर्ट के आधार पर सीजीपीए दिया जाता है। सीजीपीए के आधार पर ग्रेड जारी किया जाता है और इसी के आधार पर संबंधित शिक्षण संस्थान को अनुदान प्राप्त होता है। बता दें कि बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से लगभग साढ़े तीन सौ शिक्षण संस्थान संबंध हैं। अब तक इनमें से 26 ने ही नैक मूल्यांकन कराया है।
000000
कब कितना मिलता है ग्रेड
सीजीपीए ग्रेड
3.51-4.00 ए प्लस-प्लस
3.26-3.50 ए प्लस
3.01-3.25 ए
2.76-3.00 बी प्लस-प्लस
000000
वैसे तो 2017 में कॉलेज का नैक मूल्यांकन होना था, परंतु कतिपय कारणों से यह हो नहीं पाया। लेकिन, अब नैक मूल्यांकन कराने की तैयारियां शुरू कर दीं गईं हैं। सत्र 2019-20 तक का डाटा तैयार किया जा चुका है। सेल्फ स्टडी रिपोर्ट भी तैयार की जा रही है। कॉलेज का विश्वविद्यालय के समान ग्रेड हासिल करने का लक्ष्य तय किया गया है। - डा. एसके राय, प्राचार्य - बुंदेलखंड महाविद्यालय, झांसी।