झांसी। प्रयागराज बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन दूसरे दिन भी अव्यवस्थाओं के साथ हुआ। मूल्यांकन के दौरान कुल 70 फीसदी परीक्षक ही उपस्थित रहे। इंटरमीडिएट के मूल्यांकन में उपस्थिति का प्रतिशत 50 ही रहा।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं का मूल्यांकन 23 अप्रैल से प्रारंभ हो चुका है। जिले में तीन मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें बिपिन बिहारी इंटर कॉलेज मे हाईस्कूल, जीआईसी और नेशनल हाफिज सिद्दीकी में इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाएं जांची जा रही हैं। हाईस्कूल की दूसरे दिन 11300 उत्तर पुस्तिकाएं जांची गई। जीआईसी में 1486 और नेशनल हाफिज सिद्दीकी में 2416 उत्तर पुस्तिकाएं जांची गई। डीआईओएस कोमल यादव ने बताया कि अधिकांश प्रधानाध्यापक अभी प्रयोगात्मक परीक्षाओं में व्यस्त हैं, यही हाल परीक्षकों का भी है। प्रयोगात्मक परीक्षाओं के पूर्ण होने के बाद मूल्यांकन में उपस्थिति सही हो जाएगी।