अमर उजाला की ओर से शनिवार को सुबह 11 बजे से लेमन ट्री होटल में एमएसएमई फॉर भारत कॉन्क्लेव का आयोजन होगा। शुभारंभ एमएसएमई मंत्री राकेश सचान करेंगे, वहीं इसमें उद्योग जगत की कई हस्तियां जुटेंगी। बुंदेलखंड चैंबर ऑफ काॅमर्स एंड इंडस्ट्री (बीसीसीआई) के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में उद्योग जगत की चुनौतियों और उसके बेहतर विकास पर मंथन होगा। जिला व पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों के साथ ही बीडा, राज्य कर संग्रह, उद्योग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड व अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी रहेगी।
एमएसएमई फॉर भारत कॉन्क्लेव अन्य जनपदों की तरह झांसी में भी होने जा रहा है। शहर के उद्योग जगत की हस्तियां, अधिकारी और विशेषज्ञ इसमें शामिल होंगे। विशेषज्ञ इस मंच से छोटे उद्यमी को बड़ा रास्ता दिखाएंगे। मंथन में भविष्य के एमएसएमई के साथ मौजूदा दौर में पेश आने वाली चुनौतियों पर भी चर्चा होगी। सहयोगी संस्था बीसीसीआई के सदस्य व पदाधिकारी इन चुनौतियों से निपटने के रास्ते भी बताएंगे। विभिन्न सत्रों के जरिये सरकार की वर्तमान व भावी योजनाओं से उद्यमियों को अवगत कराने के साथ ही उनकी समस्याओं के समाधान पर विचार होगा।
मुख्य अतिथि व एमएसएमई मंत्री राकेश सचान कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। विशिष्ट अतिथि मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे, मेयर बिहारी लाल आर्य, मऊरानीपुर विधायक रश्मि आर्य, सदर विधायक रवि शर्मा, गरौठा विधायक जवाहर राजपूत, बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा उद्यमियों से रूबरू होंगे। साथ ही एमएसएमई प्रतिनिधियों के सवालों के जवाब भी देंगे।