मंगलवार को रात में मध्य प्रदेश के हरदा में हुए ट्रेन हादसे के बाद भोपाल-झांसी-दिल्ली रूट भी प्रभावित हो गया है। मुंबई, पुणे की गाड़ियां जो नासिक , मनमाड, इटारसी, भोपाल होकर झांसी आती थीं, उनको भुसावल, सूरत, भोपाल होकर झांसी से दिल्ली की ओर रवाना किया जा रहा है। इसी तरह झांसी से होकर जाने वाली ट्रेनों को भोपाल से परिवर्तित मार्ग से गुजार कर गंतव्य स्टेशन तक पहुंचाया जा रहा है। इस कारण परिवर्तित मार्ग से आ रही ट्रेनें पांच से छह घंटे लेट चल रही हैं।
बुधवार को गाड़ी संख्या 11077 डाउन झेलम एक्सप्रेस, 12137 डाउन पंजाब मेल, 11015 डाउन कुशीनगर एक्सप्रेस, 11057 डाउन पठानकोट एक्सप्रेस, 12147 डाउन कोपरगांव निजामुद्दीन एक्सप्रेस, 22109 डाउन लोकमान्य तिलक निजामुद्दीन एसी एक्सप्रेस, 12541 अप गोरखपुर लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस, 15101 अप जनसाधारण एक्सप्रेस, 12138 अप पंजाब मेल, 11078 अप झेलम एक्सप्रेस आदि ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से गुजारी गईं।
वहीं, निजामुद्दीन से यशवंतपुर जाने वाली गाड़ी संख्या 12630 अप कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस को मथुरा से ही परिवर्तित मार्ग से गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। मार्ग बदलने से उक्त ट्रेनों में सफर करने वाले पचास से अधिक यात्रियों ने अपने आरक्षण रद कराए। ट्रेनों की जानकारी करने के लिए पूछताछ कार्यालय पर भीड़ लगी रही। ट्रेनों के इंतजार में यात्रियों का बुरा हाल रहा।