स्वस्तिक यात्रा के तहत एक दिवसीय आयोजन, दो विशेष ट्रेनों से एक हजार सेवादारों के साथ पहुंचेंगे बापू
मथुरा के लिए भी
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। कथावाचक मोरारी बापू की एक दिवसीय रामकथा शुक्रवार को क्राफ्ट मैदान में सुबह नौ बजे से होगी। आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मैदान में आकर्षक पंडाल सजाया गया है और हजारों श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की गई है। यह जानकारी राष्ट्रभक्त संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अंचल अड़जरिया, रवि नीखरा, अग्रवाल कैटर्स के संचालक राजीव अग्रवाल और अनूप शर्मा ने दी।
आयोजकों ने बताया कि मोरारी बापू अपनी भारत स्वस्तिक यात्रा के तहत झांसी पहुंचेंगे। इस यात्रा के माध्यम से वह सनातन हिंदू वैदिक संस्कृति और सामाजिक एकता का संदेश दे रहे हैं। यात्रा में बापू के साथ करीब एक हजार सेवादार शामिल हैं। ये सभी दो विशेष ट्रेनों से यात्रा कर रहे हैं।
कन्याकुमारी से शुरू हुई स्वस्तिक यात्रा
मोरारी बापू ने 10 अक्तूबर को कन्याकुमारी से स्वस्तिक यात्रा शुरू की थी। आयोजकों के अनुसार, पहले चरण की यात्रा विभिन्न स्थानों पर पड़ाव लेते हुए 23 अक्तूबर को केदारनाथ में संपन्न होगी। इसके दूसरे चरण में द्वारका से 14 नवंबर से यात्रा शुरू होकर 22 नवंबर को जगन्नाथपुरी में समाप्त होगी। आयोजकों ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य सनातन हिंदू वैदिक संस्कृति के संरक्षण और समाज में एकता के लिए जागरूकता बढ़ाना है। यात्रा के दौरान मोरारी बापू रामकथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में दो स्थानों पर कथा
आयोजकों के मुताबिक, स्वस्तिक यात्रा के तहत उत्तर प्रदेश में झांसी और मथुरा को रामकथा के लिए चुना गया है। झांसी में शुक्रवार को कथा होगी, जबकि मथुरा में 17 अक्तूबर को आयोजन प्रस्तावित है। आयोजकों ने बताया कि यात्रा का मार्ग आदि शंकराचार्य की परंपरा से जुड़े स्थलों को ध्यान में रखकर तय किया गया है।