अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। भाजयुमो की ओर से महानगर में 27 जून को मॉक संसद कराई जाएगी, जिसमें आपातकाल और उस दौरान हुए मौलिक मूल्यों के हनन पर चर्चा होगी। भाजपा कार्यालय पर बुधवार को हुई पत्रकार वार्ता में ये बात भाजयुमो के प्रदेश उपाध्यक्ष शिववीर भदौरिया ने कही।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि देश में 60 और प्रदेश में नौ मॉक संसद का आयोजन हो रहा है। इसमें स्पीकर, डिप्टी स्पीकर से लेकर सरकार और विपक्ष का प्रतिनिधित्व युवा करेंगे। 18 से 35 साल के युवाओं के लिए पंजीकरण खोला गया था। मंगलवार रात तक बुंदेलखंड के सात जिलों से 15 हजार युवाओं ने पंजीकरण करवाया है। हर जिले से 10 से 20 युवाओं को मॉक संसद के लिए चुना जाएगा।
आपातकाल को लोकतंत्र का काला अध्याय बताते हुए शिववीर ने कहा कि आज जो विपक्षी नेता संविधान को लेकर टिप्पणी कर रहे हैं, उन्होंने अपनी सरकार में मौलिक अधिकारों का किस तरह हनन किया था, इसके बारे में बताने के लिए ही मॉक संसद का आयोजन हो रहा है। मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री बीएल वर्मा होंगे। जबकि, पूर्व केंद्रीय मंत्री भानुप्रताप वर्मा स्पीकर और पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्रा डिप्टी स्पीकर होंगे। इस दौरान युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष अमित सिंह जादौन, रवि राजपूत, चेतन ओझा आदि मौजूद रहे।