झांसी। सोमवार को शहर कोतवाली पुलिस ने दो बदमाशों को चोरी के मोबाइल फोन समेत गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से नौ ब्रांडेड कंपनियों के मोबाइल फोन बरामद किए गए।
कुछ समय से महानगर में मोबाइल फोन झपटने वाला गिरोह सक्रिय था। सोमवार को पुलिस को मुखबिर से कुछ बदमाशों के रानी महल के पास मौजूद होने की सूचना मिली। इंस्पेक्टर देवेश शुक्ला की अगुवाई में कोतवाली पुलिस ने नाकेबंदी करते दो बदमाशों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना नाम राजू कोरी निवासी मछली मंडी एवं निंदा कोरी निवासी चौबे का अखाड़ा बताया। पुलिस के अनुसार दोनों बदमाश चोरी एवं छिनैती में माहिर थे। उनकी निशानदेही पर नौ मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए।
इसी क्रम में थाना प्रेमनगर पुलिस ने भी एक मोबाइल चोर को पकड़ा। पुलिस के अनुसार रविवार को दयाचंद्र अहिरवार का मोबाइल फोन और इक्कीस सौ रुपये एक बदमाश ने उड़ा दिए थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हंसारी स्थिति रोडवेज वर्कशाप के पास हंसारी निवासी रवि को पकड़ लिया। उससे पूछताछ की जा रही है।