झांसी। इलाहाबाद-झांसी क्षेत्र के मतदान की तिथि करीब आने के साथ ही उम्मीदवारों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया। उम्मीदवारों में अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंचने की होड़ मची हुई है। इसके लिए प्रयागराज से झांसी के बीच उनकी दौड़ भी बढ़ गई है।
मतदाताओं को लुभाने के लिए उम्मीदवार तमाम वायदों की झड़ी लगाने से भी नहीं चूक रहे। नए मतदाताओं के बीच पेंशन बहाली का मुद्दा सर्वाधिक चर्चा का विषय है। पार्टी समर्थित उम्मीदवार भी इसकी बहाली का वायदा कर रहे हैं जबकि इसी एक खास मुद्दे के आधार पर एक संगठन के उम्मीदवार ने चुनावी ताल ठोंकी हुई है। उधर, भाजपा, सपा एवं कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार अपने परांपरागत वोटरों तक पहुंचने की जुगत भिड़ा रहे हैं।
इन वोटरों तक पहुंच बनाने केलिए उम्मीदवार स्थानीय पदाधिकारियों को टटोल रहे। भाजपा पदाधिकारी अपने प्रत्याशी के समर्थन में धीरे-धीरे खुलकर सामने आ रहे वहीं, सपा एवं कांग्रेस पदाधिकारियों की सक्रियता अभी नजर नहीं आ रही। बता दें, एक दिसंबर को मतदान होना है।
मतदानकर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण
एमएलसी चुनाव को लेकर माइक्रो ऑब्जर्वर, पीठासीन एवं मतदान अधिकारी को प्रथम चरण का प्रशिक्षण पं.दीनदयाल सभागार में दिया गया। रिर्टनिंग अधिकारी सुभाष चंद्र शर्मा ने त्रुटिरहित मतदान के लिए कर्मचारियों को सावधानी के साथ काम करने के निर्देश दिए। लापरवाही मिलने पर कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई का भी अल्टीमेटम दिया। जिलाधिकारी आंद्रा वामसी ने कोविड-19 के नियमों का पालन करने को कहा। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी शैलेष कुमार, हरवंश कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उधर, मतदान सूचना के लिए अपर आयुक्त न्यायिक पूनम निगम को नामित किया गया है। इसके लिए कांट्रोल रूम भी काम करेगा।
बीकेडी में होगी मतगणना
एमएलसी चुनाव की मतगणना बुंदेलखंड डिग्री कॉलेज स्थित कोठारी हाल में होगी। आरओ के मुताबिक मतगणना तीन दिसंबर को सुबह आठ बजे से आरंभ होगी। इस दौरान कोविड को देखते हुए सतर्कता के सभी इंतजाम भी किए जाएंगे। आरओ के लिए एक मेज के अतिरिक्त चौदह मेज लगाई जाएगी। मतगणना अभिकर्ताओं की संख्या 15 से अधिक नहीं होगी। मतगणना अभिकर्ता की नियुक्ति तीन दिन पहले देना होगा।
पुरानी पेंशन बहाली के लिए लड़ेंगे लड़ाई: डॉ.यादव
अटेवा की बैठक में उठा पेंशन बहाली का मुद्दा
झांसी। एमएलसी चुनावों को लेकर बृजरानी गार्डेन में अटेवा पेंशन बचाओ मंच के बैनर तले बैठक हुई। इस दौरान इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट से उम्मीदवार डा. हरिप्रकाश यादव ने पुरानी पेंशन बहाली के लिए लड़ाई लड़ने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा पेंशन की लड़ाई काफी दिनों से लड़ी जा रही लेकिन, निर्णायक लड़ाई अभी बाकी है। जब तक पेंशन बहाली नहीं होती तब तक इसे जारी रखा जाएगा। चुनाव में जीत मिलने पर वे इस मुद्दे को सदन तक ले जाएंगे। चुनाव प्रभारी नीलम त्रिपाठी ने पेंशन बहाली की लड़ाई आगे बढ़ाने के लिए साथ आने की अपील की। इस दौरान मंडलीय मंत्री शैलेष राय, कुलदीप सैनी, अनुराग द्विवेदी, इंदर सिंह पटेल, धीरेंद्र जैन, दिलीप चौरसिया, आरिफ, हरिश्चंद्र, भगवत नारायण, अविनाश मिश्रा, केके सिंह, राजीव गुप्ता, विकास दुबे समेत अन्य उपस्थित थे।