झांसी। इलाहाबाद - झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव में सभी 16 प्रत्याशी अब आमने - सामने होंगे। मंगलवार को नामांकन वापसी का दिन था, लेकिन किसी भी प्रत्याशी ने अपना नामांकन पर्चा वापस नहीं लिया। अब मतदान एक दिसंबर को होगा।
विधान परिषद चुनाव में अब प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर, महोबा, जालौन, झांसी और ललितपुर के 157160 मतदाता चुनावी मैदान में डटे 16 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। मतदान के लिए निर्वाचन से जुडे़ अधिकारियों ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। वहीं, नामांकन दिवस मंगलवार को किसी भी प्रत्याशी ने अपना नामांकन पर्चा वापस नहीं लिया। अब चुनाव मैदान में भाजपा से डॉ. यज्ञदत्त शर्मा, सपा से डॉ. मान सिंह यादव, कांग्रेस से अजय कुमार सिंह, जन अधिकार पार्टी से उत्तम कुमार मौर्य, बुंदेलखंड क्रांति दल से डॉ. शबनम सोनी के अलावा अन्य प्रत्याशियों में अनिल कुमार, अमित गुप्ता, डॉ. अरविंद सिंह परमार, चंद्रलोक सिंह पटेल, पंकज मनु विश्वकर्मा, रघुनाथ द्विवेदी, रमेश चंद्र दुबे, डॉ. विनीत कुमार, विनोद कुमार पांडेय, डॉ. हरी प्रकाश यादव व हरीशचंद्र सिंह पटेल हैं।