झांसी। इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट के लिए नामांकन का खाता तीसरे दिन शनिवार को खुला। पहले दिन बांदा निवासी अमित गुप्ता ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर अपने समर्थकों संग कमिश्नरी पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा फतेहपुर के विनीत कुमार, रामकिशन, बांदा के रमेश चंद्र दुबे, कौशंबी के विनोद कुमार पांडेय एवं इलाहाबाद के योगेश कुमार पांडेय, उत्तम कुमार मौर्या ने नामांकन पत्र खरीदा। अब सोमवार से नामांकन की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है। नामांकन को देखते हुए कमिश्नरी परिसर में जगह-जगह बैरीकेडिंग लगाई गई है। सुरक्षा के भी अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। निर्दलीय उम्मीदवार अमित गुप्ता के साथ नामांकन के दौरान फिरोज खान, अरविंद कुमार, उमेश दांगी, मनीष राजा, राजेश शर्मा समेत अन्य उपस्थित थे।
झांसी। जिलाधिकारी आंद्रा वामसी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार पी ने नगर निगम सभागार में इलाहाबाद-झांसी खंड निर्वाचन की तैयारियों को लेकर समीक्षा की। इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्वाचन के दौरान नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। कहा, कोविड-19 के सभी प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन कराया जाए। न करने वालों के खिलाफ महामारी एक्ट में तत्काल मुकदमा दर्ज कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा यदि पोलिंग पार्टी में कोई कोविड संदिग्ध है तो उसे तत्काल बदला जाए। इसके लिए सेंटर मजिस्ट्रेट क्षेत्र का कम्न्युनिटी प्लान तैयार करें। क्षेत्र में रिजर्व एम्बुलेंस एवं मेडिकल टीम की मौजूदगी भी रखी जाए। मतदान केन्द्रों पर निश्चित तौर पर सैनिटाइजर, फेस मास्क, ग्लव्स, साबुन, पानी, थर्मल स्क्त्रस्ीनिंग की व्यवस्था की जाए। पोलिंग पार्टी को मतदान सामग्री के साथ मेडिकल किट भी दी जाए। उन्होंने आदर्श आचार संहिता का भी कडा़ई से पालन कराने को कहा। आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी तत्काल मामला दर्ज कराने को कहा। इस दौरान उपजिला निर्वाचन अधिकारी बी प्रसाद ने आदर्श आचार संहिता की विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान सीडीओ शैलेष कुमार, नगर आयुक्त अवनीश कुमार राय, सीएमओ डा. गजेंद्र कुमार, एसपी देहात राहुल मिठास, एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट सलिल पटेल समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।