विधायक निधि खर्च करने में कंजूसी बरत रहे अपने माननीय
झांसी। पब्लिक को विकास के बड़े बड़े ख्वाब दिखाने वाले विधायक अब विकास में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। विधायक निधि को खर्च करने में भी कंजूसी बरती जा रही है। किसी के पास निधि का पांच करोड़ है तो किसी के पास तीन करोड़ है। इस रकम से जिले में विकास के कई प्रोजेक्ट शुरू कराए जा सकते हैं लेकिन प्रस्ताव ही नहीं भेजे जा रहे हैं। हालांकि विधायकों का कहना है कि वह समय से प्रस्ताव भेज रहे हैं, अगर कहीं कोई अड़चन आ रही होगी तो उसे तत्काल दूर किया जाएगा।
प्रदेश सरकार हर साल विधायकों को विकास निधि के जरिए दो करोड़ रुपये देती है लेकिन नियमित पैसा खर्च न करने से झांसी के चारों विधायकों की निधि में करोड़ों रुपये जमा हो गए। गरौठा विधायक ने तीन साल में महज 8.92 फीसद धनराशि खर्च की। मऊरानीपुर से विधायक बिहारीलाल आर्य भी तीन साल में महज 16 फीसदी रकम का इस्तेमाल कर सके। झांसी विधायक रवि शर्मा ने 23 फीसदी निधि का इस्तेमाल किया जबकि बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा इस मामले में अपने साथी विधायकों से आगे हैं। उन्होंने करीब 43 फीसदी रकम का इस्तेमाल कर लिया हालांकि उनके पास भी 265.02 लाख रुपये अभी बचे हुए हैं।
क्या किया जा सकता था
इन पैसों की मदद से वह अपने क्षेत्र में जरूरत के मुताबिक सीसी सड़क, नाली निर्माण, सड़क निर्माण, पहुंच मार्ग, सामुदायिक भवन, सांस्कृतिक भवन, विद्यालय निर्माण में मदद, पुस्तकालय समेत अन्य कार्य कराए जा सकते हैं।
विधायक- जवाहर लाल राजपूत गरौठा
विधायक निधि में कुल राशि : 504.23 लाख
व्यय धनराशि: 45 लाख
शेष धनराशि: 459.23 लाख
इस्तेमाल धनराशि का प्रतिशत 8.92 फीसदी
हमारी ओर से कई प्रस्ताव दिए गए हैं। गो-आश्रय स्थल बनवाने के भी प्रस्ताव हैं। प्रस्ताव मंजूर होने पर विधायक निधि में कुछ नहीं बचेगा।
विधायक जवाहरलाल राजपूत
विधायक- बिहारी लाल आर्य, मऊरानीपुर
विधायक निधि में कुल धनराशि- 507.23 लाख
व्यय धनराशि- 81.73 लाख
शेष धनराशि- 425.50 लाख
इस्तेमाल धनराशि का प्रतिशत- 16.11 फीसदी
प्रस्ताव बनाकर भेजे दिए गए हैं। कोशिश की जाएगी की मार्च तक सारे काम पूरे करा लिए जाएं
-बिहारीलाल आर्य
विधायक- रवि शर्मा झांसी
विधायक निधि में कुल धनराशि- 340.75 लाख
व्यय धनराशि- 78.66 लाख
शेष धनराशि- 262.09 लाख
इस्तेमाल धनराशि का प्रतिशत- 23.08 फीसदी
प्रस्ताव भेजे गए हैं, उनके एस्टीमेट प्राप्त हो गए हैं, प्राथमिकता पर कार्य आरंभ कराए जाएंगे
-रवि शर्मा
विधायक- राजीव सिंह पारीछा बबीना
विधायक निधि में कुल धनराशि- 472.04 लाख
व्यय धनराशि- 207.02 लाख
शेष धनराशि- 265.02 लाख
इस्तेमाल धनराशि का प्रतिशत- 43.86 फीसदी
सलाना विधायक निधि के कई प्रस्ताव मैंने भेजे हैं लेकिनअभी तक कार्य स्वीकृत नहीं हुए। कार्य स्वीकृत हो जाने पर निधि का काफी हद तक इस्तेमाल हो जाएगा।
विधायक राजीव सिंह पारीछा
सरकार की ओर से कार्य स्वीकृत करने की डेडलाइन तय है। जनप्रतिनिधियों से प्रस्ताव मिलने के 45 दिन के भीतर निणर्य लेना अनिवार्य है-
डा.राजकुमार गौतम
परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण