लड़खड़ाई बिजली आपूर्ति को लेकर सड़कों पर उतरे लोग, हंगामा
झांसी। बेतहाशा बिजली कटौती को लेकर अब बिजली अफसर विधायकों के निशाने पर आ गए हैं। सदर विधायक रवि शर्मा ने ऊर्जा मंत्री को पत्र लिखकर कहा है कि झांसी में 12-12 घंटे बिजली कटाैती हो रही है। अधिकारी फॉल्ट बताकर पल्ला झाड़ने की कोशिश करते हैं। लगातार हो रही कटौती से सरकार की छवि धूमिल हो रही है। सदर विधायक रवि शर्मा ने ऊर्जा मंत्री को पत्र लिखकर बताया कि अधिशासी अभियंता, अधीक्षण अभियंता, मुख्य अभियंता से वार्ता करने के बाद भी बेहतर परिणाम सामने नहीं आ रहे हैं। विद्युत उपकरणों और आपूर्ति व्यवस्था की समस्याओं के निराकरण को लेकर बिजली अफसर कोई काम नहीं कर रहे हैं। उन्होंने ऊर्जा मंत्री एके शर्मा को पत्र लिखकर विद्युत व्यवस्था सुधारने के लिए अफसराें को निर्देश देने की मांग की है।
-
फोटो
कांग्रेस नेताओं ने बिजली अफसरों से जताई नाराजगी
पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य भी विद्युत कटौती की समस्या को लेकर सोमवार को कांग्रेस नेताओं के साथ मुख्य अभियंता कार्यालय पहुंचे। अधिकारियों से प्रदीप जैन ने कहा कि भीषण गर्मी में लड़खड़ाई हुई विद्युत व्यवस्था से लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। केकेपुरी, अलीगोल, पंचवटी, लक्ष्मणगंज, बड़ागांव गेट सहित शहरी, ग्रामीण इलाकों की हालत बहुत खराब है। उन्होंने संविदा कर्मचारी बढ़ाने, पर्याप्त ट्रांसफाॅर्मर उपलब्ध कराने, रात में सब स्टेशनाें पर कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने, जन समस्याओं को सुनने के लिए कंट्रोल रूम बनाने की मांग की। इस दौरान जिलाध्यक्ष योगेंद्र सिंह पारीछा, बलवान सिंह यादव, आफाक मकरानी, इम्तियाज हुसैन, मुकेश अग्रवाल, रामकुमार शुक्ला, शंभू सेन, अरविंद बबलू मौजूद रहे।