झांसी के थाना मऊरानीपुर की कुरेचा नदी के पास मछली ठेकेदार की हत्या में फरार चल रहा अपराधी शनिवार को पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। हालांकि इस दौरान उसके साथी फायरिंग कर भाग निकले।
फिलहाल एसओजी व मऊरानीपुर पुलिस जंगल में फरार बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है। बताया गया कि बीते मंलवार की रात चित्रकूट के कर्वी निवासी मछली ठेकेदार सुखराम को मऊरानीपुर की कुरैचा नदी में मछली पकड़ने के विवाद में गोली मार दी गई थी।
ग्वालियर में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने चतुर्भुज, अजय, रोहित, राहुल, करण, दिलीप, मेवा मुखिया, पहलवान उर्फ धीरेंद्रर व बाबा उर्फ अयोध्या पर एफआईआर दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस ने इस मामले में मऊरानीपुर के चतुर्भुज गांव निवासी दिलीप खंगार, रोहित खंगार, करन खंगार व चतुर्भुज खंगार को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन अन्य साथी हाथ नहीं आ सके थे।
शनिवार को मऊरानीपुर पुलिस को घटना में शामिल बदमाशों के राठ रेंज के जंगल में होने को सूचना मिली। खबर मिलते ही मऊरानीपुर प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता व एसओजी प्रभारी शैलेन्द्र जंगल पहुंचे।
वहां तलाश के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जबाब में पुलिस ने गोली चलाई। इसी दौरान गोली लगने से हत्यारोपी राहुल खंगार घायल हो गया। अन्य लोग मौका पाकर भाग निकले।