अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से जीआईसी में बनवाए गए मिनी स्टेडियम का लगातार तीसरी बार टेंडर निरस्त कर दिया गया है। एक फर्म क्रिकेट की टर्फ पिच तो दूसरी फुटबॉल के सिंथेटिक मैदान का अनुभव न होने पर फेल हो गई है। इससे खिलाड़ियों को झटका लगा है। पिछले नौ महीने से खिलाड़ी स्टेडियम शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
जीआईसी में स्मार्ट सिटी के तहत 20 करोड़ से मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया गया है। पिछले साल मार्च में इसका लोकार्पण भी हो चुका है। नवंबर में स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से तीसरी बार स्टेडियम संचालन के लिए निविदा निकाली गई थी। शनिवार को दस्तावेजों का परीक्षण पूरा होने के बाद टेंडर निरस्त कर दिया गया। अब स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा चौथी बार निविदा निकाली जाएगी। स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सीईओ सत्य प्रकाश ने बताया कि मिनी स्टेडियम के संचालन का टेंडर डालने वाली फर्में मानकों को पूरा नहीं कर पाई हैं। इसलिए टेंडर निरस्त कर दिया गया है। जल्द ही फिर से निविदा निकाली जाएगी।
मैदान में हॉकी टर्फ से लेकर बैडमिंटन कोर्ट तक
मिनी स्टेडियम में विभिन्न खेलों के लिए कई सुविधाएं हैं। एक तरफ जहां हॉकी टर्फ, प्रोफेशनल और टर्फ वाला क्रिकेट मैदान है। वहीं, सिंथेटिक रनिंग ट्रैक, फुटबॉल, वॉलीबाल, बैडमिंटन कोर्ट, पवेलियन, वीआईपी लाउंज भी बना हुआ है। दिन और रात के मैच के लिए हाईमास्ट लाइटें लगाई गई हैं। ऐसे में रात में भी खिलाड़ी अभ्यास कर सकेंगे।