झांसी। रिटर्निंग ऑफिसर/मंडलायुक्त सुभाष चंद्र शर्मा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से इलाहाबाद - झांसी निर्वाचन क्षेत्र के सभी जिलों के जिलाधिकारियों एवं एआरओ के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर माइक्रो आवजर्बर तैनात होंगे। मतदान दिवस पर बूथ की वीडियोग्राफी होगी। वीडियोग्राफी इस प्रकार हो, कि मतदान की सुचिता बनी रहे। सभी मतदान स्थल पर कोविड - 19 हेल्प डेस्क स्थापित हो।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक वोटर मास्क अवश्य लगाए। यदि उनके पास मास्क नहीं होगा, तो मास्क उपलब्ध कराया जाएगा। पोलिंग पार्टियों को सत्यापित मतदाता सूची दी जाए। जिले में कौन से बूथ पर कौन से नंबर की मतपेटी बूथ गई है, इसकी जानकारी सभी एआरओ को होनी चाहिये। मतदान के बाद सकुशल मत पेटी झांसी भेजना सुनिश्चित करे। वीसी में जिलाधिकारी आंद्रा वामसी ने सभी एआरओ से कहा कि आने वाले निर्वाचन के दौरान बैंकों में अवकाश है। इसलिए निर्वाचन के लिए धनराशि निकाल ले। ताकि पोलिंग पार्टी को पैसा दिया जा सके। एनआईसी कक्ष में इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शैलेश कुमार, अपर नगर आयुक्त आरपी मिश्रा, पूनम निगम, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. गजेंद्र निगम, जेडीए उपाध्यक्ष सर्वेश कुमार दीक्षित, एडीएम बी प्रसाद व डीआईओ आसिफ खान आदि मौजूद रहे।