झांसी। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार आ रहे उछाल से अब ट्रांसपोर्टरों ने 10 प्रतिशत तक मालभाड़ा बढ़ा दिया है। चूंकि, झांसी से बड़े पैमाने पर दलहन, तिलहन, अनाज बाहर जाता है, ऐसे में इनसे बनने वाले उत्पाद जैसे आटा, दाल और तेल की कीमतों में और तेजी आएगी।
झांसी में रविवार को पेट्रोल की कीमतें 102.93 और डीजल की 94.48 प्रति लीटर पहुंच गईं। पिछले एक सप्ताह में पेट्रोल का मूल्य चार रुपये और डीजल का 3.91 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ चुका है। आगे भी इनकी कीमतों में और इजाफा आने की संभावना है। इसी बीच बुंदेलखंड ट्रक एंड ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने बाहर जाने वाले माल पर भाड़ा 10 फीसदी बढ़ा दिया है। यानी व्यापारियों को 200 किलोमीटर तक माल पहुंचाने के लिए 90 रुपये प्रति कुंतल के हिसाब से मालभाड़ा देना पड़ता था अब 100 रुपये प्रति कुंतल देने पड़ रहे हैं। चूंकि, झांसी से मसूर, चना, सरसों, मूंगफली, मटर और गेहूं बड़े पैमाने पर देश के अलग-अलग राज्यों में भेजे जाते हैं। इसलिए मालभाड़ा महंगा होने से इनसे बनने वाले उत्पादों की कीमतों में उछाल आएगा। जिसका बोझ आमजन की जेब पर पड़ेगा।
ये भी जानें
खाद्यान्न किन राज्यों में जाता
मसूर बिहार, झारखंड
चना मध्य प्रदेश, दिल्ली
सरसों कोलकाता, एमपी, राजस्थान
मूंगफली महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश
मटर तमिलनाडु, दिल्ली, गुजरात, झारखंड
गेहूं पंजाब, बिहार, गुजरात, दिल्ली, महाराष्ट्र
किराया में कितना अंतर आया
किलोमीटर पहले अब
200 90 100
500 150 180
700 300 360
(नोट: दरें रुपये प्रति कुंतल में।)
छह दिनों तेल कीमतों में आया ये अंतर
दिनांक पेट्रोल डीजल
दो अप्रैल 102.59 94.13
1 अप्रैल 101.84 93.38
31 मार्च 101.33 92.88
30 मार्च 100.93 92.47
29 मार्च 99.73 91.28
28 मार्च 98.93 90.57
(नोट: दरें रुपये में प्रति लीटर में।)
डीजल की कीमतें बढ़ने से जिले से बाहर जाने वाले मालभाड़ा में 10 फीसदी का इजाफा किया गया है। इसमें आगे और इजाफा भी संभव है। - हैप्पी चावला, उपाध्यक्ष, बुंदेलखंड ट्रक एंड ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन।
झांसी से दलहन, तिलहन, अनाज कई राज्यों में जाता है। ट्रांसपोर्टरों ने मालभाड़ा की कीमतों में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। इससे ज्यादा किराया देना पड़ रहा है। - अतीत राय, अध्यक्ष, गल्ला व्यापार मंडल।