झांसी। औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मंगलवार को गांव खिसनी खुर्द में बिना लाइसेंस चल रहे मेडिकल स्टोर को सीज कर दिया। इस दौरान मेडिकल स्टोर में रखी 1.25 लाख रुपये की दवाओं की जब्त किया गया। साथ ही,ं दो दवाओं के नमूने लिए गए। क्षेत्र में औषधि विभाग की टीम के निरीक्षण को लेकर मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मचा रहा।
दरअसल, जिले में बिना लाइसेंस बनवाए मेडिकल स्टोर चल रहे हैं। इसे लेकर शासन स्तर से सख्ती करने के निर्देश दिए हैं। इसे लेकर मंगलवार को सहायक आयुक्त औषधि के नेतृत्व में औषधि निरीक्षक उमेश कुमार भारती ने थाना सकरार क्षेत्र के गांव खिसनी खुर्द में मैसर्स किसान मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोर संचालक से लाइसेंस मांगा, तो लाइसेंस नहीं दिया गया। औषधि निरीक्षक ने दस्तावेज की पड़ताल की, तो पता चला कि मेडिकल स्टोर का कोई लाइसेंस बना ही नहीं है। इस दौरान दुकान में रखी 1.25 लाख रुपये की दवाओं को जब्त किया गया। साथ ही दो दवाओं के नमूने लिए गए। औषधि निरीक्षक उमेश भारती ने बताया कि मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट सौंपी गई है।