झांसी। आउटसोर्सकर्मियों के होली से पहले मानदेय नहीं मिलने पर फिर से कामकाज ठप करने के एलान से मेडिकल कॉलेज शासन अलर्ट मोड में आ गया है। इसके चलते कालेज प्राचार्य ने दोनों एजेंसियों के प्रबंधकों को पत्र भेजकर मानदेय देने के निर्देश दिए हैं।
विगत दिनों तीन माह का मानदेय नहीं मिलने से गुस्साए हाउस कीपिंग के आउटसोर्सकर्मियों ने काम बंद हड़ताल कर दी। दूसरे दिन शाम को प्राचार्य डॉ. मयंक सिंह ने आंदोलित आउटसोर्सकर्मियों को फिलहाल एक माह का मानदेय दिलवाने और होली से पहले शेष मानदेय दिलवाने का भरोसा दिया। तब आंदोलित कर्मी काम पर लौटे। आंदोलित कर्मियों ने एलान कर दिया था कि यदि होली से पहले मानदेय नहीं मिला तो वह फिर से हड़ताल करने को मजबूर होंगे। वहीं, नर्सिंग कर्मियों ने तीन माह से मानदेय नहीं मिलने पर सीएमएस डाॅ. सचिन माहुर को ज्ञापन सौंपकर मानदेय दिलवाने की मांग की। ब्यूरो