अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुखार के रोगियों की संख्या बढ़ने पर शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य ने सभी विभागाध्यक्षों के साथ बैठक की। बुखार के रोगियों की संख्या बढ़ने पर वार्ड चार और 10 में भर्ती करने के निर्देश दिए।
मौसम तेजी से बदल रहा है, जिसकी वजह से वायरल बुखार और वायरल निमोनिया के रोगियों की संख्या काफी बढ़ गई है। मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में आने वाले रोगियों में अधिकांश बुखार के हैं। यही नहीं, जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भी तेज बुखार के रोगी आ रहे हैं, जिन्हें भर्ती किया जा रहा है। शुक्रवार को मेडिकल कालेज में करीब 22 बुखार के रोगियों को भर्ती किया गया।
बुखार के रोगियों की बढ़ती संख्या देख कॉलेज प्राचार्य डॉ. मयंक सिंह ने शुक्रवार को बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि वायरल बुखार, वायरल निमोनिया आदि के रोगियों का त्वरित उपचार किया जाए। मेडिसिन के वार्ड छह, सात व आठ के बेड फुल होने पर वार्ड नंबर 10 में रोगियों को भर्ती किया जा रहा है। यदि यहां भी बेड फुल हो जाएं तो वार्ड नंबर चार में भी भर्ती किया जाए। सीएमएस डॉ. सचिन माहुर ने बताया कि प्राचार्य के निर्देश पर उपचार की समुचित व्यवस्था कर दी है।