रेलवे बड़े पैमाने पर कर रहा इन हाउस उत्पादन
- फोटो : file
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी समेत तीनों मंडलों में फेस मास्क और सैनिटाइजर का इन हाउस उत्पादन किया जा रहा है। रेलवे लॉकडाउन में कार्य कर रहे अपने कर्मचारियों की आवश्यकता को खुद ही पूरा कर रहा है। इस संबंध में शुक्रवार को जीएम राजीव चौधरी ने सभी मंडल प्रमुखों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये समीक्षा की।
रेलवे कोरोना महामारी में योगदान करने के साथ आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए मालगाड़ियों और पार्सल विशेष गाड़ियों का संचालन कर रहा है। साथ ही, लॉकडाउन में फ्रंटलाइन में काम कर रहे कर्मचारियों की आवश्यकता के लिए फेस मास्क, सैनिटाइजर, साबुन आदि का भी आंतरिक उत्पादन एवं बाजार से खरीद कर आपूर्ति पूरी कर रहा है।
अभी तक उत्तर मध्य रेलवे के झांसी में 4475, वैगन मरम्मत कारखाने में 2000, कोच मरम्मत कारखाने में एक हजार, प्रयागराज में 26797 व आगरा में 1750 मास्क तैयार हो चुके हैं। साथ ही, झांसी में एक हजार लीटर, प्रयागराज में 1545 व आगरा में 1075 लीटर सैनिटाइजर का उत्पादन हो चुका है। आरपीएफ 13000 जरूरतमंदों को भोजन बांट चुकी है।
रेलवे अस्पताल में रखे जा सकते कोरोना पॉजिटिव मरीज
रेलवे ने कोरोना पॉजिटिव मरीजों को रखने के लिए अपने 17 अस्पतालों को चुना है। इन अस्पतालों में 5000 बेड सुरक्षित किए गए हैं। इनमें झांसी व प्रयागराज का अस्पताल भी शामिल है। झांसी में 100 बेड का वार्ड सुरक्षित किया गया है।