झांसी। मप्र आदि इलाकों से पानी आने की रफ्तार एक बार फिर बढ़ गई। पानी का दबाव अधिक होने से शनिवार रात आठ बजे तक माताटीला बांध से सवा तीन लाख क्यूसेक पानी बेतवा में छोड़ा गया। पानी बाहर निकालने के लिए बांध के बीस गेट आठ फीट ऊंचाई तक खोल दिए गए। पानी लगातार बेतवा में जाने से उसमें बहाव तेज हो गया। सिंचाई विभाग के अभियंता ने रविवार को इसमें कमी आने की संभावना जताई है।
सिंचाई विभाग के आंकड़ों के मुताबिक शनिवार रात आठ बजे तक राजघाट से 3.43 लाख क्यूसेक, माताटीला से 3.25 लाख क्यूसेक, ढुकुवां से 1.66 लाख क्यूसिक एवं पारीछा से 1.73 लाख पानी क्यूसेक पानी बेतवा में छोड़ा जा चुका। माताटीला बांध अगस्त के लक्ष्य 1010 फीट ऊंचाई तक पहले ही भर चुका, इसलिए पूरा अतिरिक्त पानी सीधे बेतवा में छोड़ा जा रहा है। शुक्रवार को काफी कम मात्रा में पानी यहां पहुंच रहा था लेकिन, आधी रात के बाद पानी की रफ्तार में तेजी से बढ़ोत्तरी होने लगी। शाम तक यह स्तर करीब सवा तीन लाख क्यूसेक तक पहुंच गया। अधिशासी अभियंता मो. फरीद के मुताबिक पानी की रफ्तार बढ़ने की वजह से बांध के 20 गेट आठ फीट ऊंचाई तक खोल दिए गए। अधिशासी अभियंता उमेश कुमार के मुताबिक अब पानी के बहाव में कमी आने की संभावना है हालांकि बांधों की निरंतर निगरानी की जा रही है।