बुधवार को महानगर में शारदीय नवरात्र की पंचमी पर मां जगदंबा के पंचम स्वरूप स्कंद माता की श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा अर्चना की। साथ ही, माता दुर्गा के विविध रूपों के दर्शन भी मंदिरों एवं दुर्गा पंडालों में भक्तों ने किए। संपूर्ण दिवस माता के जयकारों से गूंजता रहा। मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता ब्रह्म मुहूर्त से लेकर देर रात तक लगा रहा।
माता जगदंबा की भक्ति के पर्व शारदीय नवरात्र के पांचवें दिन श्रद्धालुओं ने विधि विधान से घट एवं अखंड ज्योति की पूजा अर्चना की। माता की दिव्य मूर्तियों का वेद मंत्रों के उच्चारण के साथ अभिषेक, श्रृंगार किया और उनकी आरती की। महानगर के मंदिरों कैमासन मंदिर, लहर की माता मंदिर, पंचकुइयां मंदिर, मैमासन मंदिर, महाकाली मंदिर, महा लक्ष्मी मंदिर में माता के अनुपम स्वरूप के दर्शन के लिए भक्तों का क्रम दिन भर लगा रहा।
मंदिरों में भी श्रद्धालुओं को कोविड - 19 से बचाव के लिए सैनिटाइजर का छिड़काव किया गया और श्रद्धालुओं को मास्क पहनने के लिए जागरूक किया गया। वहीं दुर्गा पंडालों में भी श्रद्धालुओं की व्यापक उपस्थिति धार्मिक कार्यक्रमों में रही।