झांसी में मंगलवार दोपहर सदर बाजार के कचहरी चौराहा स्थित रेडीमेड कपड़ों के एक शोरूम में एसी के आउटडोर यूनिट में शार्ट सर्किट होने से आग भड़क उठी। थोड़ी ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गईं। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग की चपेट में आने से शोरूम में रखा सामान जलकर नष्ट हो गया, हालांकि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया दोपहर करीब बारह बजे कचहरी चौराहा स्थित ब्रांडेड रेडिमेड कपड़ों के शो रूम की दूसरी मंजिल पर रखे एसी के आउटडोर यूनिट पर शार्ट सर्किट होने लगा। थोड़ी देर में चिंगारी से कपड़ों तक आग फैल गई। यह देख शोरूम में खलबली मच गई। लोग दुकान छोड़कर बाहर निकल भागे। घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गईं।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राज किशोर राय के मुताबिक करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया सका। प्रारंभिक छानबीन में शार्ट सर्किट की वजह सामने आई है। आग से किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।