फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ललितपुर: पेश इमाम ने मस्जिद में लगाई फांसी, तीन नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज 

Wed, 22 May 2019 04:39 AM IST
राजेश सैनी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ललितपुर
विज्ञापन
इमाम की आत्महत्या के बाद जमा हुआ हुजूम - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

पेश इमाम हाजी अब्दुल अलीम ने सोमवार की रात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्हें मानसिक प्रताड़ना देकर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पेश इमाम पिछले चार साल से मुकदमों से परेशान चल रहे थे। रात तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित लोगों ने देर रात घुसियाना और सदनशाह स्थित दो आरोपियों के घेरों पर तोड़फोड़ कर दी। हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। एसडीएम, सीओ, एसपी के समझाने के बाद लोग शांत हुए। इसके बाद पेश इमाम के जनाजे को सुपुर्द-ए-खाक करने की तैयारी शुरू की गई।

विज्ञापन


पेश इमाम दो वर्ष से मोहल्ला अजीतापुरा की मस्जिद के हुजरे (पेश इमाम का कमरा) में रहते थे। परिवार शहर में अलग रहता है। रमजान का महीना चल रहा है, इसलिए मंगलवार की सुबह फजिर की नमाज अदा करने नमाजी मस्जिद में पहुंचे और भोर में साढ़े चार बजे तक पेश इमाम के बाहर आने का इंतजार किया, लेकिन जब वह बाहर नहीं निकले तो कुछ लोगों ने अंदर जाकर देखा, वहां पेश इमाम के गले में फांसी का फंदा लगा था। चूंकि, हुजरे की ऊंचाई कम थी, इसलिए पेश इमाम बैठे नजर आ रहे थे। यह नजारा देख कर लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई। इसकी सूचना मस्जिद में नमाज का इंतजार कर रहे मुस्लिम धर्मावलंबियों को दी गई। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ इकट्ठी हो गई। घटना से मुस्लिमों में आक्रोश फैल गया।

सूचना पर अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार मिश्र, पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग, सीओ सिटी राजा सिंह और कोतवाल मनोज कुमार वर्मा मौके पर पहुंचे। पेश इमाम के बेटे अब्दुल मुईन की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने सिविल लाइन निवासी नासिर मंसूरी, मोहल्ला घुसयाना निवासी इकबाल बेग और ग्राम पनारी निवासी जाकिर राज चौहान के खिलाफ आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया।
विज्ञापन


पेश इमाम के बेटे अब्दुल मुईन ने बताया कि उनके पिताजी को चार साल से मुकदमे लगाकर परेशान किया जा रहा था, जिससे मजबूर होकर उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने बताया कि पेश इमाम के बेटे की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विवेचना की जा रही है, दोषियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें