झांसी। करवाचौथ को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। पति की लंबी उम्र की कामना के लिए रखे जाने वाले इस व्रत की तैयारियों में महिलाएं जुट गई हैं। साड़ियों, चूड़ियों, आभूषणों और शृंगार के सामान की दुकानों पर खरीदारी हो रही है। वहीं, ब्यूटी पार्लरों में मेकअप और मेहंदी लगवाने के लिए पहले से बुकिंग कराई जा रही है। त्योहार को खास बनाने के लिए पारंपरिक परिधानों के साथ नए फैशन और आसान शृंगार के तरीकों को भी पसंद किया जा रहा है।
मरून, रस्ट और पर्पल रंग की साड़ियों का क्रेज
गणेश मंदिर के पास साड़ी कारोबारी नंदकिशोर ने बताया कि करवाचौथ के लिए मरून, रस्ट और पर्पल रंग की साड़ियां महिलाओं को खूब पसंद आ रही हैं। इनके साथ रेडी-टू-वियर साड़ियों और तैयार ब्लाउज की भी मांग है। ये विकल्प उन महिलाओं के लिए सुविधाजनक हैं, जो कम समय में तैयार होकर त्योहार मनाना चाहती हैं।
ग्लॉसी के साथ मिनिमल मेकअप भी पसंद
करवाचौथ पर सजने-संवरने के लिए ब्यूटी पार्लरों में भी तैयारियां चल रही हैं। अंसल पाम कोर्ट में घर से पार्लर संचालित करने वाली निशी मिश्रा ने बताया कि मेकअप और अन्य सेवाओं के लिए अब तक 15 से 20 बुकिंग हो चुकी हैं। वैक्सिंग, थ्रेडिंग, फेशियल और मेकअप सहित पूरे पैकेज की मांग है। मेकअप में ग्लॉसी लुक के साथ हल्का और मिनिमल मेकअप भी पसंद किया जा रहा है।
रंग-बिरंगी चूड़ियों से सजेंगी कलाइयां
करवाचौथ पर चूड़ियों की खरीदारी भी जोर पकड़ रही है। शहर के चूड़ी विक्रेताओं के मुताबिक, कांच की चूड़ियों के साथ मैगी और बारोसिल चूड़ियों का भी चलन है। महिलाएं अपनी साड़ियों और अन्य परिधानों से मेल खाती चूड़ियां पसंद कर रही हैं।
सजी पूजा की थालियों की भी मांग
बाजार में छलनी, कटोरी, लोटा और सजी हुई पूजा की थालियों की खरीदारी भी हो रही है। पिछोर के पास पूजा की थालियां सजाने का काम करने वाली नीलम पुरोहित ने बताया कि वह अब तक करीब दो दर्जन थालियां तैयार कर ग्राहकों को दे चुकी हैं। करवाचौथ की पूजा में इस्तेमाल होने वाली इन थालियों को सजाने में भी महिलाएं रुचि ले रही हैं।
मेहंदी से पूरा होगा शृंगार
करवाचौथ पर मेहंदी लगवाने की तैयारी भी शुरू हो गई है। साड़ी, आभूषण और मेकअप के साथ मेहंदी को भी त्योहार के शृंगार का अहम हिस्सा माना जाता है। ऐसे में महिलाएं व्रत से पहले मेहंदी लगवाने के लिए भी समय तय कर रही हैं।