झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी ने कहा कि मार्च में सीपरी ओवरब्रिज शुरू हो जाएगा। इसका काम अंतिम दौर में है। सीपरी बाजार स्थित मालगोदाम भी जल्द गढ़मऊ स्टेशन पर शिफ्ट होगा। बजट मिलते ही कोच फैक्टरी का काम शुरू होगा। शुक्रवार को आगरा-झांसी रेलखंड का स्पेशल ट्रेन से विंडो निरीक्षण करके लौटे जीएम झांसी स्टेशन के वीआईपी रूम में पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्हाेंने कहा कि नगरा हाट के मैदान के पास कंडम कोच से आधुनिक कोच बनाने के लिए नई फैक्टरी स्थापित होने जा रही है। बजट मिलते ही तेजी के साथ काम शुरू होगा। इसकी डिजाइन भी फाइनल हो चुकी है। इसके निर्माण पर 456 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। सीपरी ओवरब्रिज के सवाल पर उन्होंने कहा कि तेजी से काम चल रहा है। मार्च में यह ओवरब्रिज शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि रेलवे बोर्ड का आदेश मिलते ही जनरल टिकट व नियमित ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। रेलवे अपनी पूरी तैयारी में है, सिर्फ आदेश का इंतजार है। उन्होंने कहा कि कोरोना के चलते फिलहाल रेलवे की आर्थिक स्थिति बेहतर नहीं है। अपनी आय लगातार बढ़ाने के लिए रेलवे लगातार प्रयासरत है।
झांसी। महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी ने शुक्रवार को धौलपुर से झांसी स्टेशन के बीच गहनता से निरीक्षण किया। निरीक्षण यान की पिछली खिड़की से ट्रैक को भी देखा। साथ ही मेजर कर्व, चंबल ब्रिज, लेवल क्रासिंग समेत मुरैना, ग्वालियर व दतिया स्टेशन का भी निरीक्षण किया। डीआरएम संदीप माथुर भी साथ में मौजूद रहेै।
सुबह झांसी आने के बाद वह सीधे धौलपुर स्टेशन के लिए रवाना हुए। धौलपुर से चंबल ब्रिज पर पहुंचकर संरक्षा संबंधी पहलुओं को देखा। मुरैना स्टेशन पर पहुंचकर यात्री सुविधाओं की जानकारी ली। वेटिंग रूम, रिटायरिंग रूम को देखा। मुरैना से ग्वालियर खंड में स्पीड ट्रायल करते हुए राइडिंग गुणवत्ता व अन्य संरक्षा विषय की समीक्षा कर अधिकारियों को निर्देश दिए। ग्वालियर स्टेशन पहुंचकर यात्री सुविधाओं को भी टटोला। इसके बाद ग्वालियर से निरीक्षण कर झांसी पहुंचे। यहां झांसी स्टेशन पर अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर एडीआरएम दिनेश वर्मा, एडीआरएम एसएस सेंगर, सीनियर डीसीएम नवीन दीक्षित, सीनियर डीईएन राकेश कुमार श्रीवास्तव, सीनियर डीओएम शशिकांत त्रिपाठी, सीएमएस डा. आभा जैन, सीनियर डीएसओ अशोक प्रिय गौतम, डीओएम नीरज भटनागर, डीसीएम अखिल शुक्ला, जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह मौजूद रहे।