झांसी। ध्यानचंद स्टेडियम में ऋषभ सरावगी मेमोरियल फाउंडेशन व क्रीड़ा भारती के संयुक्त तत्वावधान में जिला स्कूल ओलंपिक गेम्स 2019 का शुभारंभ हुआ। खिलाड़ियों ने मल्लखंभ का शानदार प्रदर्शन किया। इसके साथ ही रस्साकसी, बैडमिंटन में प्रतिभाग कर अपना हुनर दिखाया। रस्साकसी में आर्मी पब्लिक स्कूल और शियरवुड कालेज विजयी रहे।
स्टेडियम में बैडमिंटन की प्रतियोगिता के बालक वर्ग में प्रखर जैन ने पहला, अर्श श्रीवास्तव ने दूसरा स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में अक्षिता ने रिया को हराया। रस्साकसी में शीयरवुड कालेज ने सन इंटरनेशनल कालेज को हराया।
इससे पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रांतीय रक्षक दल, होमगार्ड विभाग के मंत्री चेतन चौहान, विशिष्ट अतिथियों में अर्जुन अवार्ड प्राप्त गोपाल सैनी, नगर विधायक रवि शर्मा, गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने किया। उद्घाटन के मौके पर प्राचीन गणेश मंदिर में गणेश पूजन किया गया। इसके बाद एतिहासिक किले से वंदेमातरम का उद्घोष कर मशाल जुलूस निकाला गया। इसमें राष्ट्रीय, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के अलावा स्काउट गाइड के विद्यार्थी तथा खिलाड़ी शामिल रहे। मशाल जुलूस ध्यानचंद स्टेडियम पहुंचा। यहां विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने बैंड की धुन पर मार्च पास्ट कर अतिथियों को सलामी दी। इनमें मां सोसायटी, अरुणोदय, आवासीय एक्सीलेटेड के 40 दिव्यांग बच्चे भी शामिल रहे। गौरव सेना स्कूल के विद्यार्थियों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय बेसबाल प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर स्वर्ण पदक पाने वाले खिलाड़ी आयुष श्रीवास्तव एवं डा. नीति शास्त्री को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं ऋषभ सरावगी के चित्र पर अतिथियों ने पुष्प अर्पित किए। कार्यक्रम में न्यू ईरा के मल्लखंभ खिलाड़ियों ने मशाल लेकर कई आसन बनाए। रोप व पोल पर सभासन, निंद्रासन, बजरंगी, पदमासन सहित कई हैरत अंगेज आसन बनाए। इस मौके पर मुख्य अतिथि ने कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन नवोदित प्रतिभाओं को आगे बढ़ाती है। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट राम प्रकाश, मां सोसायटी की अध्यक्षा नेहा शर्मा, पूर्व मंत्री रवींद्र शुक्ल, रत्नेश त्रिपाठी, फाउंडेशन सचिव संजीव सरावगी, भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप सरावगी, प्रियंका यादव, राधिका, एके सक्सेना, एमएन गुप्ता, नागेंद्र वर्मा, अश्वनी शुक्ला, उदय सोनी, विजय सरावगी, अंचल सरावगी, डा. अनूप गुप्ता, प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर, डा. एनएस सेंगर, कमल मल्होत्रा आदि मौजूद रहे।